Independence Day 2025: लाल किले से PM मोदी के 11 बड़े ऐलान, विकास और सुरक्षा की नई दिशा

Independence Day 2025: लाल किले से PM मोदी के 11 बड़े ऐलान, विकास और सुरक्षा की नई दिशा

15-Aug-2025    5:06:45 pm    57    Anita nishad

 

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस 2025 के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने देश के विकास, सुरक्षा, तकनीकी आत्मनिर्भरता और युवाओं के भविष्य से जुड़े 11 बड़े ऐलान किए, जो आने वाले वर्षों में भारत की दिशा तय करेंगे।

पीएम मोदी के 11 बड़े ऐलान:

  1. प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना:
    युवाओं के लिए बड़ी योजना, जिसमें प्राइवेट सेक्टर में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना की कुल लागत 1 लाख करोड़ रुपये।

  2. ऊर्जा और तकनीकी आत्मनिर्भरता:
    सोलर एनर्जी पिछले 11 साल में 30 गुना बढ़ी है। हाइड्रोपावर और ग्रीन हाइड्रोजन में बड़े निवेश।
    देश में 10 नए परमाणु रिएक्टर काम कर रहे हैं, और 2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य।

  3. क्रिटिकल मिनरल मिशन:
    रक्षा, तकनीक और चिकित्सा के लिए जरूरी खनिजों की खोज 1,200 से अधिक स्थानों पर जारी।

  4. भारत का अपना स्पेस स्टेशन:
    2047 तक भारत का अपना स्पेस स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 'मेड इन इंडिया जेट इंजन' बनाने का आह्वान।

  5. ऑपरेशन सिंदूर:
    सेना की बहादुरी की सराहना करते हुए बताया कि आतंकियों के ठिकानों को नष्ट करने के लिए खुली छूट दी गई थी, जिससे पाकिस्तान में हलचल मची।

  6. क्लीन एनर्जी और समुद्र मंथन मिशन:
    2030 के क्लीन एनर्जी लक्ष्यों को 2025 में पूरा करने का दावा। समुद्र मंथन मिशन से तेल और गैस भंडार की खोज जारी।

  7. फर्टिलाइजर में आत्मनिर्भरता:
    युवाओं और उद्योग जगत से अपना खाद बनाने की अपील की गई ताकि विदेशी निर्भरता खत्म हो सके।

  8. मिशन सुदर्शन चक्र:
    युद्ध तकनीक को आधुनिक बनाने और देश की सुरक्षा को मजबूत करने का ऐलान।

  9. भाषाओं का विकास:
    सभी भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने और विज्ञान-तकनीक में उनका योगदान बढ़ाने पर जोर।

  10. मोटापे पर चेतावनी:
    मोटापा एक बढ़ता हुआ संकट है, हर तीसरा व्यक्ति इससे प्रभावित हो सकता है। तेल के उपयोग में 10% कमी की सलाह दी गई।

  11. पिछड़े क्षेत्रों का विकास:
    पूर्वी भारत सहित पिछड़े जिलों और ब्लॉकों के लिए विशेष विकास योजनाएं लागू करने का ऐलान।


अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं:

  • GST रिफॉर्म: दिवाली से MSMEs को लाभ देने वाले नेक्स्ट जेनरेशन GST सुधार लागू होंगे।

  • अर्थव्यवस्था की मजबूती: महंगाई नियंत्रण में, विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत और भारत की वैश्विक स्तर पर सराहना।

  • सिंधु समझौते पर कड़ा रुख: भारत किसानों के हित में अपने हक का पानी इस्तेमाल करेगा। प्रधानमंत्री का सशक्त संदेश, "खून और पानी साथ नहीं बह सकता।"


प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अपील की कि यह स्वतंत्रता दिवस सिर्फ आज़ादी का पर्व नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के संकल्पों का पर्व है, जिसमें हर नागरिक की भूमिका अहम है। उन्होंने युवाओं को भविष्य की नई दिशा में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।