रांची से ISIS आतंकी गिरफ्तार! हथियार और केमिकल्स बरामद, दिल्ली पुलिस और झारखंड ATS की बड़ी कार्रवाई

रांची से ISIS आतंकी गिरफ्तार! हथियार और केमिकल्स बरामद, दिल्ली पुलिस और झारखंड ATS की बड़ी कार्रवाई

10-Sep-2025    1:33:30 pm    14    Anita nishad

 रांची। राजधानी रांची से आज सुबह-सुबह बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड ATS और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ISIS का संदिग्ध आतंकी अशहर दानिश गिरफ्तार हुआ है। आतंकी को लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित तबरक लॉज से पकड़ा गया। छापेमारी के दौरान हथियार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और केमिकल्स भी बरामद हुए हैं।


✦ दिल्ली ले जाया जाएगा आतंकी

गिरफ्तार आतंकी अशहर दानिश झारखंड का ही रहने वाला है और रांची में लॉज का कमरा किराए पर लेकर रह रहा था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसे रिमांड पर दिल्ली लेकर जाएगी।


✦ दो और संदिग्ध हिरासत में

तबरक लॉज से अशहर के अलावा दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। बरामद केमिकल्स और हथियारों की जांच विशेषज्ञों को सौंपी गई है, ताकि इनके इस्तेमाल का मकसद साफ हो सके।


✦ पलामू से भी एक संदिग्ध हिरासत में

रांची के साथ-साथ पलामू जिले के जपला से भी एक संदिग्ध आतंकी को पकड़ा गया है। फिलहाल उसे हुसैनाबाद थाना में रखा गया है और ATS उससे लगातार पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में उसने कई अहम जानकारियां दी हैं।


✦ सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती

एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क किसी बड़ी साजिश की तैयारी में था। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आसपास के मकानों व लॉज की सघन जांच की जा रही है।

रांची पहले भी आतंकी नेटवर्क का गढ़ रहा है। कई बार यहां से संदिग्धों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल ATS और दिल्ली पुलिस, गिरफ्तार आतंकियों के तार देश-विदेश के नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है।