फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य, तभी मिलेगा बीमा क्लेम का लाभ, कृषि विभाग की किसानों से अपील
एमसीबी/21 नवंबर 2026/* अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले में हुई असामयिक वर्षा को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान की सूचना निर्धारित समय-सीमा में देने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने पर किसानों को नुकसान की जानकारी 72 घंटे के भीतर दर्ज कराना अनिवार्य है। निर्धारित समय में सूचना नहीं देने पर किसान बीमा क्लेम के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
किसान फसल नुकसान की सूचना व्हाट्सएप्प चैटबोट, पीएमएफबीवाई ऐप अथवा बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 (कृषि रक्षक पोर्टल) के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। व्हाट्सएप्प चैटबोट के जरिए किसान अपनी क्षतिग्रस्त फसल की जियो-टैग फोटो अपलोड कर नुकसान की जानकारी दे सकते हैं। सूचना प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी के सर्वेयर द्वारा 10 दिवस के भीतर सर्वे कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
यह प्रावधान कटाई के बाद खेत या खलिहान में रखी धान की फसल (करपा) के लिए कटाई के उपरांत 14 दिनों तक लागू होगा। वहीं, खड़ी फसल में जलभराव की स्थिति में बीमा दावे की गणना योजना के प्रावधानों के तहत फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर की जाएगी।
*शिकायत दर्ज करते समय रखें जरूरी जानकारी*
फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, ग्राम, तहसील एवं जिला, खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान का विवरण तथा नुकसान होने की तारीख जैसी आवश्यक जानकारी अपने पास रखनी होगी, ताकि शिकायत दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
*फसल नुकसान का प्रमाण सुरक्षित रखने की अपील*
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि अधिक नुकसान होने की स्थिति में तत्काल संबंधित क्षेत्र के राजस्व विभाग के पटवारी एवं कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को सूचित करें। किसान अपनी खड़ी अथवा कटी हुई फसल के नुकसान की जियो-टैग फोटो एवं वीडियो भी सुरक्षित रखें। खलिहान में रखी धान की फसल को पॉलिथीन से ढककर सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करें, ताकि बारिश से होने वाले अतिरिक्त नुकसान को रोका जा सके।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे फसल क्षति की स्थिति में बिना देरी किए निर्धारित 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराएं, जिससे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा प्राप्त करने में सुविधा मिल सके।









-Banner.jpg)







