गांजा तस्करी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सप्लायर और वित्तीय मददगार सहित दो और आरोपी गिरफ्तार

गांजा तस्करी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सप्लायर और वित्तीय मददगार सहित दो और आरोपी गिरफ्तार

13-Nov-2026    7:53:26 am    58    सावन कुमार- संपादक

बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर थाना पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सप्लायर और वित्तीय लेनदेन में सहयोग करने वाले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की दिशा में जांच तेज कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ढोढ़ी बहरा सलका से एक व्यक्ति पैदल गांजा लेकर बैकुण्ठपुर की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम ढोढ़ी बहरा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध जयप्रकाश चक्रधारी (38 वर्ष), निवासी ढोढ़ी बहरा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पैकेट में कुल 2 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है, गांजा बिक्री की 5 हजार रुपये नगद राशि और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि उसने गांजा बिलासपुर निवासी मो. बिलाल से खरीदा था। वहीं इस अवैध खरीद-फरोख्त में पटना निवासी इमरान खान द्वारा बैंक खाते में रकम प्राप्त करने और अन्य माध्यमों से सहयोग किया जाता था।


मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दबिश देकर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मो. बिलाल (32 वर्ष), निवासी तारबाहर, जिला बिलासपुर को गांजा सप्लायर तथा इमरान खान (30 वर्ष), निवासी करहईखांड, थाना पटना, जिला कोरिया को वित्तीय लेनदेन में सहयोगी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में गांजा खरीदने वाले, सप्लाई करने वाले और वित्तीय सहायता देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बाकी छोरों की तलाश जारी है। मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई के तहत आगे भी जांच की जा रही है।