स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया भूमिपूजन, कहा– जिले में 125 सड़कों को मिली स्वीकृति, विकास कार्यों में नहीं होगी धन की कमी
एमसीबी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत मुकुंदपुर से बालसोत्ता मार्ग के बीच 120 मीटर लंबे वृहद पुल के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस पुल के निर्माण पर 522.08 लाख रुपये (5 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपये) की लागत आएगी। पुल के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने के साथ ही बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी निजात मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फावड़ा चलाकर पुल निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता जाहिर की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत एमसीबी की अध्यक्ष श्रीमती यशवती सिंह ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्रीमती श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष विरेंद्र सिंह करियाम, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा (भगत बाबू), जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रिया मरकाम, मुकुंदपुर के सरपंच विजय सिंह तथा जनपद सदस्य श्रीमती सीतावती सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
*भगत बाबू की प्रस्तुति ने बांधा समां*
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार एवं जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा (भगत बाबू) ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ग्रामीणों का खूब मनोरंजन किया। उनकी लोकगीतों की प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। विशेष रूप से 'तुहर लईका, तुहर दुआरी, तुहर कमियां' श्याम बिहारी की धुन पर ग्रामीण खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। लोक संस्कृति से जुड़ी इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम को राजनीतिक और विकासात्मक आयोजन के साथ-साथ सांस्कृतिक रंग भी प्रदान किया।
*सम्मान समारोह में अतिथियों का किया गया स्वागत*

भूमिपूजन के पश्चात सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मंचासीन अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद आमसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और प्रदेश सरकार की योजनाओं को ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि जिले में 125 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिली है। कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में विकास के पर्याप्त कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भाजपा सरकार के कार्यकाल में तेजी से हुआ है।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि विधायक बनने के बाद उन्होंने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है। आज विधानसभा का कोई ऐसा गांव नहीं है, जहां पक्की सड़क न पहुंची हो। यदि किसी गांव में पक्की सड़क नहीं है तो ग्रामीण सामने आकर बताएं, वहां भी सड़क पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित होने से लोगों का जीवन आसान होता है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होते हैं।
*किसानों और महिलाओं के हित में सरकार प्रतिबद्ध*
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में महिलाओं को अपेक्षित लाभ नहीं मिला, जबकि वर्तमान सरकार महिलाओं के हित में लगातार काम कर रही है। धान खरीदी और किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि धान का दाम मिल रहा है और यदि उत्पादन कम भी होता है तो किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार किसानों को कम उत्पादन का भी अंतर पर बोनस की पूरी राशि उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुकुंदपुर-बालसोता मार्ग पर बनने वाला यह पुल भी इसी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा साबित होगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पुल निर्माण की स्वीकृति और भूमिपूजन से क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होगा, जिससे लंबे समय से आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।









-Banner.jpg)







