कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया को मिला सर्वश्रेष्ठ शोध पुरस्कार

कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया को मिला सर्वश्रेष्ठ शोध पुरस्कार

06-Dec-2021    8:25:41 pm    171    Sawankumar

कोरिया - जनसंपर्क विभाग एवं न्यू इंडियन एक्सप्रेस के संयुक्त तत्वाधान में राज्य स्तर पर कृषि एवं संबंधित क्षेत्र के उन्नत एवं प्रगतिशील शोध संस्थाओं, प्रगतिशील कृषकों एवं स्व-सहायता समूहों का सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन दिनांक 6 दिसंबर 2021 को बेबीलॉन कैपिटल, रायपुर में किया गया। इस कार्यक्रम में शोध एवं अनुसंधान संस्थाओं, प्रगतिशील कृषकों एवं स्व-सहायता समूह को सम्मानित किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, कोरिया को कृषि के क्षेत्र में उन्नत शोध एवं अनुसंधान कार्य हेतु मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा सर्वश्रेष्ठ शोध एवं अनुसंधान कार्य हेतु पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. एस. सेंगर, डॉ. आर.के.बाजपेयी, निदेषक विस्तार सेवाएं, डॉ.आर.एस.राजपूत, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र, बेमेतरा एवं डॉ. के. सी. राजहंस, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्द, कोरिया उपस्थित रहे।
 कलेक्टर श्री श्याम धावड़े द्वारा इस विशेष उपलब्धि हेतु कृषि विज्ञान केन्द्र, कोरिया के सभी वैज्ञानिको एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।
जिला प्रशासन के सहयोग से कृषि विज्ञान केंद्र, कोरिया ने विभिन्न इकाईयों की स्थापना के साथ आदिवासी कृषकों के लिए अभिनव और उन्नत तकनीकी एवं मार्गदर्षन में आदिवासी कृषकों की आय बढ़ाने एवं आर्थिक स्थिति में सुधार हेतु  दूध प्रसंस्करण इकाई की स्थापना, सुगंधित और औषधीय फसलों के लिए भाप आसवन संयंत्र इकाई, मधुमक्खी पालन, अनाज, दलहन और तिलहन प्रसंस्करण इकाई, सगंध साबुन, अगरबत्ती बनाने एवं मशरूम उत्पादन आदि शामिल है। कृषि विज्ञान केंद्र और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आदिवासी कृषकों को संगठित कर कोरिया एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (किसान उत्पादक संगठन) का निर्माण किया, जिसमें विभिन्न प्रसंस्कृत उत्पादों जैसे-ए-टू देषी घी, देषी दाल, देषी चावल (सुगंधित और असुगंधित) की बिक्री विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से की जा रही है। ट्राइफेड, खादी इंडिया, खादी एवं ग्रामोद्योग, फ्लिपकार्ट और अन्य गैर सरकारी संस्थानों के माध्यम से मशरूम पाउडर, सूखा मशरूम, सुगंधित तेल (नींबू घास, पामारोजा एवं सिट्रोनेला), सगंध साबुन, इत्र, अगरबत्ती, वाशिंग पाउडर, लेमन ग्रास हर्बल चायपत्ती, शहद, शकरकंद का आटा, सिन्दुर पाउडर आदि की बिक्री कर विगत वर्ष 2020-21 में किसान उत्पादक संगठन का 40 लाख रुपये का टर्न ओवर प्राप्त किया।