हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं को आखिरी अल्टीमेटम, कोर्ट ने दी संपत्ति कुर्की की अनुमति – पेश नहीं हुए तो होगी बड़ी कार्रवाई

हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं को आखिरी अल्टीमेटम, कोर्ट ने दी संपत्ति कुर्की की अनुमति – पेश नहीं हुए तो होगी बड़ी कार्रवाई

17-Aug-2025    5:35:25 pm    31    Anita nishad

 रायपुर। राजधानी रायपुर के कुख्यात सूदखोर हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई ने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। न्यायालय ने पुलिस द्वारा दाखिल संपत्ति कुर्की याचिका को मंजूरी दे दी है और रायपुर कलेक्टर को चार संपत्तियों की कुर्की के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है।

दोनों आरोपी — तोमर बंधु — पिछले दो महीनों से फरार चल रहे हैं। पुलिस द्वारा की गई लगातार दबिशों के बावजूद वे गिरफ्त में नहीं आए। इस पर पुलिस ने कोर्ट में उद्घोषणा की प्रक्रिया शुरू की, जिसकी अंतिम तिथि कल निर्धारित है। यदि आरोपी कल कोर्ट में पेश नहीं होते, तो उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्यवाही तत्काल शुरू कर दी जाएगी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सूदखोरी से जुड़े मामलों में उनकी पत्नियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक तोमर बंधु लंबे समय से उच्च ब्याज दर पर पैसे देकर जबरन वसूली कर रहे थे, और उन पर कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के निवास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए थे, जिससे इनकी गतिविधियों के आपराधिक स्वरूप की पुष्टि होती है। तोमर बंधुओं पर रायपुर के विभिन्न थानों में सूदखोरी, धमकी, वसूली और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप हैं।

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या आरोपी कल कोर्ट में आत्मसमर्पण करेंगे या फिर प्रशासन उनके खिलाफ संपत्ति कुर्की की बड़ी कार्रवाई करेगा।