चिरमिरी पुलिस की नशे के कारोबार पर बड़ी चोट, नशीले इंजेक्शन सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

चिरमिरी पुलिस की नशे के कारोबार पर बड़ी चोट, नशीले इंजेक्शन सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

14-Jun-2026    7:13:57 am    79    सावन कुमार- संपादक

चिरमिरी, एमसीबी। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध नशीले इंजेक्शन कारोबारियों के खिलाफ चिरमिरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी के मार्गदर्शन में जिले में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना चिरमिरी पुलिस ने पूर्व में नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ीं और मामले की गहन विवेचना की।
जांच के दौरान यह सामने आया कि अवैध रूप से नशीले इंजेक्शनों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई संगठित तरीके से की जा रही थी। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 12 जून 2026 को पुलिस ने रॉबिन सिंह (29 वर्ष), निवासी ग्राम छिरिया पटना, थाना पटना, जिला कोरिया तथा एहसान खान उर्फ अमन खान (27 वर्ष), निवासी छोटी बाजार, थाना चिरमिरी, जिला एमसीबी को गिरफ्तार किया।
विवेचना में दोनों आरोपियों की संलिप्तता नशीले इंजेक्शनों की अवैध खरीद-फरोख्त एवं सप्लाई में पाए जाने पर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
चिरमिरी पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा तथा ऐसे कारोबार में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, उप निरीक्षक नर्स खान, प्रधान आरक्षक चन्द्रसेन राजपूत तथा आरक्षक दिग्विजय गौड़, योगेन्द्र मालिक, अर्जुन यादव एवं प्रमोद साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।