मनेन्द्रगढ़ में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई105 पाव अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बिना नंबर स्कूटी भी जब्त

मनेन्द्रगढ़ में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई105 पाव अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बिना नंबर स्कूटी भी जब्त

07-Aug-2026    5:30:51 pm    67    सावन कुमार- संपादक

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी)। सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 पाव अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी भी जब्त की गई। पुलिस ने कुल 92 हजार 680 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने फॉरेस्ट डिपो के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका।

तलाशी के दौरान स्कूटी से रॉयल स्टैग की 28 पाव और मैकडॉवेल्स नंबर-1 की 77 पाव, कुल 105 पाव (18.900 लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 22,680 रुपये बताई गई। वहीं जब्त स्कूटी की कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह धुर्वे (22 वर्ष) निवासी ग्राम मेढ़ाखार करपा, थाना राजेन्द्रग्राम, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश), हाल मुकाम चनवारीडांड के रूप में हुई है। आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।