धरसेड़ी आंगनबाड़ी केंद्र के औचक निरीक्षण पर बोलीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े – पोषण और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

धरसेड़ी आंगनबाड़ी केंद्र के औचक निरीक्षण पर बोलीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े – पोषण और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

09-Sep-2025    5:04:13 pm    74    Anita nishad

 सूरजपुर।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरसेड़ी में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता और उपलब्धता, आंगनबाड़ी परिसर की स्वच्छता, बच्चों की उपस्थिति और शैक्षिक गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया।

कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश

मंत्री राजवाड़े ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को निर्देशित किया कि बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए और केंद्र में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास की नींव हैं, इसलिए यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

गर्भवती व धात्री माताओं पर भी जोर

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को पूरक पोषण आहार, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, गर्भवती एवं धात्री माताओं को योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिले, इस पर विशेष निगरानी रखी जाए।

ग्रामीणों से संवाद

निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने ग्रामीणों से भी बातचीत की और केंद्र की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा और पोषण योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने का आग्रह किया।

सरकार की प्रतिबद्धता

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सतत प्रयास जारी हैं।

निरीक्षण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।