जय के बाद शोक: खाटू श्याम से लौटते श्रद्धालुओं की पिकअप टकराई ट्रेलर से... 7 मासूमों समेत 11 की दर्दनाक मौत!

जय के बाद शोक: खाटू श्याम से लौटते श्रद्धालुओं की पिकअप टकराई ट्रेलर से... 7 मासूमों समेत 11 की दर्दनाक मौत!

13-Aug-2025    4:46:21 pm    87    Anita nishad

दौसा, राजस्थान | 13 अगस्त 2025: राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार तड़के खाटू श्याम मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर एक पिकअप वाहन और ट्रेलर की टक्कर में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 7 मासूम बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

 3:30 बजे रात का वह भयानक क्षण...
 

घटना रात 3:30 से 4:00 बजे के बीच बैसई थाना क्षेत्र में हुई, जब श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी एक ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार से हाईवे गूंज उठा।
 

 गंभीर घायलों की हालत नाजुक
 

करीब 8 गंभीर घायलों को जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 4 से 5 लोगों को ICU में रखा गया है। बाकी घायलों का इलाज दौसा के जिला अस्पताल में चल रहा है।
 

 सभी मृतक एक ही जिले के – एटा (UP)
 

दौसा के एसपी सागर राना के अनुसार, मृतक उत्तरप्रदेश के एटा जिले के रहने वाले थे और सभी खाटू श्यामजी के दर्शन के बाद घर लौट रहे थे।
 

 प्रशासन मौके पर पहुंचा
 

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर देवेंद्र कुमार और SP सागर राना मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर सहायता का आश्वासन दिया।
 

 हादसों से छलनी हो रहा NH – डिवाइडर और फोरलेन की माँग तेज
 

गौरतलब है कि तीन दिन पहले इसी हाइवे पर एक और हादसे में 5 लोगों की जान गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रोड बेहद व्यस्त है, लेकिन अभी तक फोरलेन या डिवाइडर नहीं बनाए गए हैं।
 

 नींद की झपकी या ओवरटेक की चूक?
 

स्थानीय चश्मदीदों के मुताबिक, संभवतः चालक को नींद की झपकी आई, जिससे पिकअप वाहन ट्रेलर से टकरा गया। हादसे के बाद गाड़ी इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कि कई शवों को निकालने में घंटों लगे।
 

 मुख्यमंत्री ने जताया शोक
 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया:
"दौसा में भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद है। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"