मर्डर का आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार  ₹50,000 के विवाद में ठेकेदार ने की युवक की हत्या

मर्डर का आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार ₹50,000 के विवाद में ठेकेदार ने की युवक की हत्या

28-Mar-2026    8:13:35 am    102    सावन कुमार- संपादक

रायपुर के टिकरापारा इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहाँ पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रावतपुरा फेज-2 में रहने वाले 34 वर्षीय अजय अग्रवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। हालांकि, रायपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज 2 घंटे के भीतर ही आरोपी डोमेश्वर देवांगन को गिरफ्तार किया है।

 मृतक अजय अग्रवाल और आरोपी डोमेश्वर देवांगन के बीच कंस्ट्रक्शन के काम के पैसों को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। आरोपी डोमेश्वर, जो कि पेशे से ठेकेदार है, अपने बकाया 50,000 रुपये की मांग कर रहा था।
आज दोपहर जब डोमेश्वर पैसे मांगने अजय के घर पहुँचा और अजय ने पैसे देने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोपी ने घर के बाहर घात लगाकर इंतजार किया और जैसे ही अजय बाहर निकला, डोमेश्वर ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसके पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में अजय को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने सूचना मिलते ही घेराबंदी की। मृतक के मरणासन्न बयान (Dying Declaration) के आधार पर 18 वर्षीय आरोपी डोमेश्वर देवांगन को चांगोरभाठा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।