राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 2026 का होगा आयोजन, 28 जून को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा 34 हजार से अधिक बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक, 341 बूथों पर रहेंगी टीमें तैनात

राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 2026 का होगा आयोजन, 28 जून को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा 34 हजार से अधिक बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक, 341 बूथों पर रहेंगी टीमें तैनात

24-Jun-2026    6:53:21 pm    180    सावन कुमार- संपादक

कोरिया, 24 जून 2026/* जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 2026 का आयोजन 28 जून 2026 को किया जाएगा।अभियान के अंतर्गत 28 जून को बूथ स्तर पर तथा 29 एवं 30 जून 2026 को घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।


मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने स्वास्थ्य विभाग की जिला टास्क समिति की बैठक में 
28 जून को राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 2026 के बारे में मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी को इसकी तैयारी करने तथा गांव-गांव में प्रचार करने के निर्देश दिए हैं ताकि कोई भी बच्चे दो बूंद खुराक से वंचित न रहे।

डॉ प्रशांत सिंह ने जानकारी दी  कि अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 34 हजार 129 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 341 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाएंगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाट-बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

विकासखंडवार लक्ष्य के अनुसार पटना विकासखंड में 20 हजार 872 बच्चों के लिए 157 बूथ, सोनहत विकासखंड में 7 हजार 36 बच्चों के लिए 100 बूथ तथा बचरापोड़ी विकासखंड में 6 हजार 221 बच्चों के लिए 84 बूथ बनाए गए हैं।

अभियान के लिए जिले को कुल 48 हजार डोज वैक्सीन प्राप्त हुई है, जिसमें से 44 हजार डोज का वितरण किया जा चुका है तथा 4 हजार डोज सुरक्षित रखी गई है।

*कलेक्टर ने कहा-एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे*
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के सभी अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, यही अभियान की वास्तविक सफलता है।

कलेक्टर ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं पोलियो मुक्त भविष्य के निर्माण में सहयोग करने का आग्रह किया है।