बीमारियों के उपचार में नई तकनीकों की अहम भूमिका: राज्यपाल रमेन डेका

बीमारियों के उपचार में नई तकनीकों की अहम भूमिका: राज्यपाल रमेन डेका

17-Aug-2025    5:36:35 pm    30    Anita nishad

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि सभ्यता के विकास के साथ बीमारियाँ भी बढ़ी हैं और हमारी बदलती जीवनशैली ने स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डाला है। उन्होंने कहा कि बीमारियों के निदान और उपचार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक सर्जरी और अन्य आधुनिक तकनीकों की भूमिका आज अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है।

राज्यपाल डेका एम्स रायपुर में आयोजित नाक, कान, गला (ENT) विशेषज्ञों के वार्षिक सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के दिन शुरू हुआ, जिसे राज्यपाल ने राष्ट्रीय गौरव से जोड़ते हुए विशेष बताया।

राज्यपाल ने कहा कि यह सम्मेलन स्वास्थ्य और चिकित्सा अनुसंधान के लिए एक प्रभावी मंच है। उन्होंने ENT से जुड़े उन जटिल मामलों की ओर ध्यान दिलाया, जो सिर व गले के कैंसर से संबंधित हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति को चिंताजनक बताते हुए इस दिशा में समाज और विशेषज्ञों को मिलकर काम करने का आव्हान किया।

जनजागरूकता और नवाचार पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि बहरापन जैसी समस्याएँ जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करती हैं, लेकिन सरकार द्वारा संचालित कई योजनाएं इस चुनौती से निपटने में मदद कर रही हैं। उन्होंने आशा जताई कि यह सम्मेलन जनजागरूकता बढ़ाने और क्षमता निर्माण में भी अहम भूमिका निभाएगा।

एम्स रायपुर की सराहना करते हुए राज्यपाल डेका ने कहा कि संस्थान तेजी से चिकित्सा और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन नवाचार को प्रोत्साहित करते हैं और उभरती चुनौतियों के समाधान तलाशने में सहायक होते हैं।

सम्मेलन में विशेषज्ञों का जमावड़ा

कार्यक्रम में देश और विदेश से आए चिकित्सा विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और गर्मजोशी भरे आतिथ्य का उल्लेख किया।

इस अवसर पर एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. अशोक जिंदल ने सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, वहीं पूर्व निदेशक डॉ. नीतिन नागरकर और डॉ. रेणु राजगोपाल ने भी अपने विचार साझा किए।