स्कूलपारा मुरमा, आंगनबाड़ी और उप स्वास्थ्य केंद्र, पटना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण’ पर.. कोरिया कलेक्टर
कोरिया / कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले में शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच करने विकासखण्ड बैकुण्ठपुर में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम बेसरझरिया में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पहुंचे कलेक्टर श्री शर्मा ने बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताई और दर्ज संख्या के अनुरूप उपस्थिति सुनिश्चित करने प्रधान पाठक को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आठवीं कक्षा में भूगोल की कक्षा में बच्चों को ग्रहों के बारे में पढ़ाया, बच्चों ने भी उत्साहित होकर सवालों के जवाब दिए। श्री शर्मा ने विद्यालय के प्राचार्य तथा शिक्षकों को बच्चों की शतप्रतिशत उपस्थिति पर ज़ोर देने तथा बेहतर शिक्षा के लिए प्रयास किए जाने के निर्देश दिए, उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालय में पेयजल, शौचालय की उचित व्यवस्था हो। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक पाठशाला का भी निरीक्षण किया।
पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण’
कलेक्टर श्री शर्मा ने पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने ओपीडी, ऑपरेशन कक्ष, प्रसव कक्ष, महिला तथा पुरूष वार्ड, जनरल वार्ड का जायजा लिया तथा मरीजों से स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सुविधाओं के सम्बंध में फीडबैक लिया। कलेक्टर ने मरीजों से चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाईयों, नियमित जांच तथा समय पर भोजन मिलने आदि की जानकारी ली।

















