राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ

02-Oct-2023    12:43:34 pm    58    Ibtesam Deshmukh

मंच पर उपस्थित सभी महानुभाव देवियों और सज्जनों!आज हम सबके प्रेरणास्रोत पूज्य बापू और लाल बहादुर शास्त्री जी की जन्मजयंती है। कल 1 अक्टूबर को राजस्थान सहित पूरे देश ने स्वच्छता को लेकर एक बहुत बड़ा कार्यक्रम किया है। मैं स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बना देने के लिए सभी देशवासियों का आभार व्यक्त करता हूं।साथियों,पूज्य बापू, स्वच्छता, स्वावलंबन और सर्वस्पर्शी विकास के बहुत आग्रही थे। बीते 9 वर्षों में बापू के इन्हीं मूल्यों को देश ने बहुत अधिक विस्तार दिया है। आज चित्तौड़गढ़ में 7 हज़ार 200 करोड़ रुपए के जिन प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ हुआ है, उसमें भी इसका प्रतिबिंब है।साथियों,Gas Based Economy का आधार मजबूत करने के लिए देश में गैस पाइपलाइन नेटवर्क बिछाने का अभूतपूर्व अभियान चल रहा है। मेहसाणा से भटिंडा तक भी गैस पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस पाइपलाइन के पाली-हनुमानगढ़ सेक्शन का आज लोकार्पण किया गया है। इससे राजस्थान में इंडस्ट्री का विस्तार होगा, हज़ारों नए रोजगार बनेंगे। इससे बहनों के किचन में पाइप से सस्ती गैस पहुंचाने का हमारा अभियान भी तेज़ होगा।साथियों,आज यहां रेलवे और सड़क से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण भी हुआ है। इन सारी सुविधाओं से मेवाड़ की जनता का जीवन आसान होगा। यहां रोजगार के नए अवसर बनेंगे। ट्रिपल आईटी (IIIT) का नया कैम्पस बनने से एजुकेशन हब के रूप में कोटा की पहचान और सशक्त होगी।साथियों,राजस्थान वो प्रदेश है, जिसके पास अतीत की विरासत भी है, वर्तमान का सामर्थ्य भी है, और भविष्य की संभावनाएं भी हैं। राजस्थान की ये त्रिशक्ति, देश का सामर्थ्य भी बढ़ाती है। अभी यहाँ नाथद्वारा टूरिस्ट इंटरप्रिटेशन एवं कल्चरल सेंटर का लोकार्पण हुआ है। ये जयपुर में गोविंददेव जी मंदिर, सीकर में खाटूश्याम मंदिर और राजसमंद में नाथद्वारा के पर्यटन सर्किट का हिस्सा है। इससे, राजस्थान का गौरव भी बढ़ेगा और पर्यटन उद्योग को भी बहुत लाभ होगा।