पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए जताया आभार, किया पौधरोपण व जनसेवा
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने अपने जन्मदिन (24 अगस्त) के अवसर पर क्षेत्रवासियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा दी गई बधाइयों एवं शुभकामनाओं के लिए गहरा आभार व्यक्त किया है। जन्मदिन के दिन सुबह से ही उनके निवास पर शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। इस अवसर को उन्होंने सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क के रूप में मनाया।
पर्यावरण का संकल्प और सामाजिक सरोकार
कवर्धा निवास परिसर में हरीतिमा ग्रुप और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं के साथ विधायक बोहरा ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कवर्धा के महामाया मंदिर और खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को फल वितरित किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
जनता के बीच जन्मदिन का उत्सव
ग्राम सेमरहा में बच्चों ने विधायक भावना बोहरा के साथ केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। पंडरिया विधानसभा के विभिन्न स्थानों जैसे कबीरधाम जिला भाजपा कार्यालय, उड़िया कला, सिल्हाटी चौक, सिंगारपुर, रंजीतपुर एवं जमुनिया में कार्यकर्ताओं और जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। ग्राम रणवीरपुर में सुप्रसिद्ध भजन गायक पंडित विवेक शर्मा के सांस्कृतिक कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
जनता और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद
अपने उद्बोधन में विधायक बोहरा ने कहा,
"पंडरिया विधानसभा की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का स्नेह व आशीर्वाद मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है। आप सभी का यह विश्वास ही मेरी ऊर्जा है, जो मुझे जनसेवा और विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।"
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्षों की चुनौतियों से उन्हें बहुत कुछ सीखने और समझने का अवसर मिला, और भविष्य में वे दुगुनी मेहनत से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
विधायक भावना बोहरा ने अंत में पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों सहित प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।

















