पीएम जनमन आवास योजना से पूरा हुआ सपना, पहारू राम ने कहा: नए घर ने दी जीवन की सबसे बड़ी खुशी

पीएम जनमन आवास योजना से पूरा हुआ सपना, पहारू राम ने कहा: नए घर ने दी जीवन की सबसे बड़ी खुशी

19-Aug-2025    6:58:43 pm    23    Anita nishad

 जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड की ग्राम पंचायत पंड्रापाठ के निवासी पहारू राम वर्षों से एक कच्चे मकान में रह रहे थे, जहाँ बरसात में छत टपकती थी, सर्दियों में ठिठुरन होती थी और गर्मियों की तपन से परिवार को हमेशा जूझना पड़ता था। सीमित संसाधनों के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए एक दूर का सपना था।

वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत उन्हें आवास की स्वीकृति मिली। समय पर वित्तीय सहायता और सामग्री मिलने के कारण उनका मकान बनकर तैयार हो गया। आज पहारू राम अपने परिवार के साथ एक सुरक्षित और पक्के घर में खुशी-खुशी रह रहे हैं।

भावुक होकर पहारू राम ने कहा, "नया घर मुझे जीवन की सबसे बड़ी खुशी दे गया है। अब हमारा परिवार मौसम की मार से पूरी तरह सुरक्षित है। यह घर हमारे लिए सुरक्षा और सम्मान की नई पहचान है। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिल से आभारी हूँ।"

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। यह योजना आर्थिक सहायता प्रदान करती है, जिससे पात्र परिवार अपने घर का निर्माण कर सकें और गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत कर सकें। यह केवल आश्रय नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन रही है।