पीएम मोदी ने संसद में रिपोर्टरों से पूछा- कितने बजे आ जाते हो; क्या जवाब मिला

पीएम मोदी ने संसद में रिपोर्टरों से पूछा- कितने बजे आ जाते हो; क्या जवाब मिला

20-Aug-2025    2:30:00 pm    10    Anita nishad

 संसद का मॉनसून सत्र और परिसर में विपक्ष का बिहार में SIR के मुद्दे पर प्रदर्शन जारी है। अब खबर है कि बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री आपराधिक मामलों में फंसे पीएम, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री को हटाने के संबंधी तीन बिल पेश करने की योजना बना रहा है।

इसी बीच जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन पहुंचे, तो उन्होंने पत्रकारों के आने का समय पूछ लिया।

सोशल मीडिया पर छोटी सी चर्चा का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि पीएम मोदी गाड़ी से उतरकर संसद की तरफ बढ़ रहे हैं और उनके साथ केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई नेता मौजूद हैं। इसी बीच वह पत्रकारों से सवाल करते हैं, 'कितने बजे आ जाते हो?' इसपर एक पत्रकार जवाब देता है, '8 एएम सर।'
 

बिल लाने की चर्चा

सरकार केंद्र शासित प्रदेश सरकार (संशोधन) विधेयक 2025; संविधान (130वां संशोधन) विधेयक 2025 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2025 को पेश करने की तैयारी कर रही है। इनमें प्रावधान है कि पीएम, सीएम, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री में से किसी को भी ऐसे अपराधों के लिए गिरफ्तार किया जाता है और लगातार 30 दिनों तक हिरासत में रखा जाता है, जिनमें कम से कम पांच साल की जेल की सजा हो सकती है, तो वह 31वें दिन अपना पद गंवा देंगे।
 

लोकसभा की बैठक दो बजे तक स्थगित

बिहार SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों के सांसदों के विरोध-प्रदर्शन के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने सदन में प्रदर्शन कर रहे विपक्ष के व्यवहार को 'शर्मनाक' बताते हुए कहा कि विपक्षी दलों के सदस्यों की नारेबाजी से उनका ही नुकसान होगा और जनता उनसे सहानुभूति नहीं जताने वाली।

एक बार के स्थगन के बाद सदन की बैठक 12 बजे शुरू हुई तो पीठासीन सभापति पीसी मोहन ने आवश्यक कागजात प्रस्तुत कराए। इस दौरान विपक्षी सांसद एसआईआर के मुद्दे पर शोर-शराबा करने लगे। हंगामे के बीच ही इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन खेल संवर्धन और विनियमन विधेयक, 2025 पेश किया।