आज हिमाचल-पंजाब में PM मोदी की एंट्री… क्या टूटेगा बाढ़-भूस्खलन से तबाह राज्यों पर ‘राहत पैकेज’ का ताला?
हिमाचल प्रदेश और पंजाब बाढ़ व भूस्खलन से बुरी तरह तबाह हो चुके हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और हज़ारों परिवार बेघर हो गए हैं। इन हालातों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (9 सितंबर, 2025) को दोनों राज्यों का दौरा कर रहे हैं।
पीएम मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे हिमाचल के कांगड़ा पहुंचेंगे, जहां वे सबसे प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। धर्मशाला में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीमों के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। यहां वे सीधे बाढ़ पीड़ितों से भी बातचीत करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री पंजाब का रुख करेंगे। लगभग 4 बजे गुरदासपुर पहुंचकर वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेंगे और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपदा की समीक्षा बैठक करेंगे।
हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ पीएम मोदी की अहम बैठक भी तय है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में राहत और पुनर्वास के लिए बड़ा फैसला हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश में अब तक 370 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 434 लोग घायल और 41 लोग लापता हैं। राज्य की 700 से ज्यादा सड़कें अब भी बंद हैं, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
इस बीच, पंजाब और हिमाचल की सरकारों ने केंद्र से विशेष राहत पैकेज की मांग की है। पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री कम से कम 25,000 करोड़ रुपये का मुआवजा और 60,000 करोड़ रुपये की लंबित बकाया राशि तुरंत मंजूर करेंगे। वहीं पंजाब सरकार ने भी राज्य में फसल नुकसान की भरपाई के लिए प्रति एकड़ 20,000 रुपये देने का ऐलान किया है।
अब सबकी निगाहें पीएम मोदी पर टिकी हैं—क्या आज ऐलान होगा उस बड़े राहत पैकेज का, जिसका इंतजार बाढ़ पीड़ित कर रहे हैं?

















