उपराष्ट्रपति चुनाव में सबसे पहले पीएम मोदी ने डाला वोट, शाम तक साफ हो जाएगा नया नाम… कौन बैठेगा देश के दूसरे बड़े पद पर?

उपराष्ट्रपति चुनाव में सबसे पहले पीएम मोदी ने डाला वोट, शाम तक साफ हो जाएगा नया नाम… कौन बैठेगा देश के दूसरे बड़े पद पर?

09-Sep-2025    11:19:19 am    15    Anita nishad

 

नई दिल्ली:
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है और सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोट डालकर इसकी शुरुआत की। इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन और विपक्षी प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला है।

शुरुआती वोट डालने वालों में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, किरण रिजिजू, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश, भाजपा सांसद कंगना रनौत और सपा नेता राम गोपाल यादव शामिल रहे। संसद के दोनों सदनों के सदस्य सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाल सकते हैं। इसके बाद शाम 6 बजे मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।

???? कैसे होता है मतदान?
उपराष्ट्रपति चुनाव गुप्त मतदान प्रणाली के तहत होता है, यानी सांसदों पर पार्टी व्हिप लागू नहीं होता। कुल 781 सदस्य मतदान के पात्र हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 391 है। एनडीए खेमे के पास 425 सांसदों का समर्थन है, जबकि विपक्ष के पास 324 सांसद हैं।

???? दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से
दिलचस्प बात यह है कि इस बार दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से आते हैं। सी.पी. राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। वहीं, बी. सुदर्शन रेड्डी तेलंगाना से हैं और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रह चुके हैं।

???? किसका पलड़ा भारी?
आंकड़ों के लिहाज से राधाकृष्णन का पलड़ा भारी माना जा रहा है, लेकिन विपक्ष ने इस चुनाव को “भारत की भावना” से जोड़कर वैचारिक लड़ाई करार दिया है। AIMIM ने रेड्डी का समर्थन किया है, जबकि बीजू जनता दल (BJD) और बीआरएस मतदान से दूर रहने वाले हैं।

अब सबकी निगाहें आज शाम पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि देश के अगले उपराष्ट्रपति की कुर्सी पर कौन बैठेगा।