कबाड़ चोरी करने वाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे, 5 आरोपी गिरफ्तार
मनेंद्रगढ़। थाना झगराखांड पुलिस ने कबाड़ चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 5 क्विंटल अवैध कबाड़, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है, तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG16 A0498 जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को प्रार्थी राम नारायण मिश्रा निवासी बीसीएम कॉलोनी खोंगापानी थाना झगराखांड ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि हल्दीबाड़ी भूमिगत खदान के पास रखे लोहे के एंगल, ड्रिल रॉड, बोल्ट-नट, पुराने गार्डर सहित अन्य लोहे के सामान को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया है।
सुरक्षा गार्ड की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर पिकअप वाहन CG16 A0498 को बीसीएम खोंगापानी के पास रोका गया। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम सरफराज खान निवासी मनेंद्रगढ़ बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कबाड़ चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में छोटेलाल, बिरन बसोर, कालीचरण बसोर, भजन बसोर और सरफराज खान को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
आरोपियों के खिलाफ थाना झगराखांड में अपराध क्रमांक 27/26 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक आर.एन. गुप्ता, चौकी प्रभारी खोंगापानी राकेश शर्मा, सरोज सुखलाल खलखो, प्रधान आरक्षक शंभु यादव, घनश्याम राठौर, आरक्षक रवि शर्मा, दिनेश गुप्ता और कृष्ण दास की सराहनीय भूमिका रही।
















