मनेन्द्रगढ़ में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 48 पाव अंग्रेजी शराब जब्त
मनेन्द्रगढ़। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नाकेबंदी कर आरोपियों के कब्जे से 48 नग मैकडॉवेल नंबर-1 अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 8.640 लीटर और कीमत 9,600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और बैग को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के रहने वाले दो युवक काले-सिल्वर रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CV 2898 से मध्यप्रदेश के रामनगर डोला स्थित निजी अंग्रेजी शराब दुकान से शराब खरीदकर अवैध बिक्री के लिए मनेन्द्रगढ़ की ओर ला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मनेन्द्रगढ़ हाईवे रोड स्थित फॉरेस्ट डिपो के सामने नाकेबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। वाहन पर सवार दोनों युवकों के कब्जे से काले रंग का पिट्ठू बैग बरामद हुआ, जिस पर अंग्रेजी में PROOGUE लिखा था। बैग की तलाशी लेने पर उसमें मैकडॉवेल नंबर-1 की 48 प्लास्टिक शीशियां, प्रत्येक 180 एमएल, बरामद हुईं। शराब की कुल कीमत 9,600 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से शराब के साथ घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये है, को भी जब्त किया। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीमसेन पिता राजकुमार सेन, उम्र 21 वर्ष और विनय सोनवानी पिता विनोद कुमार सोनवानी, उम्र 18 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम कटकोना बैहाटोला, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।










-Banner.jpg)







