प्रधानमंत्री मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर आत्मनिर्भरता, जीएसटी रिफॉर्म और हाई पावर डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की

प्रधानमंत्री मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर आत्मनिर्भरता, जीएसटी रिफॉर्म और हाई पावर डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की

15-Aug-2025    4:58:43 pm    62    Anita nishad

 

नई दिल्ली, 15 अगस्त: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले की प्राचीर से 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र के नाम संबोधन में आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया। उन्होंने तकनीकी प्रगति, सामाजिक समावेशन और आर्थिक सुधारों के माध्यम से 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।

प्रधानमंत्री ने दीपावली पर नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म लागू करने की घोषणा की, जिससे आम नागरिकों के कर बोझ में कमी आएगी और एमएसएमई क्षेत्र को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही ‘हाई पावर डेमोग्राफी मिशन’ की भी शुरुआत की जाएगी, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकी से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करना है।

मोदी ने ‘मिशन सुदर्शन चक्र’ की घोषणा करते हुए बताया कि यह अत्याधुनिक हथियार प्रणाली विकसित करेगा, जो भारत की रक्षा क्षमता को और मजबूत बनाएगा। देश की ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए ‘नेशनल डीप वॉटर एक्सप्लोरेशन मिशन’ और ‘नेशनल क्रिटिकल मिशन’ भी शुरू किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य समुद्र में तेल-गैस भंडार और महत्वपूर्ण खनिजों की खोज करना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी तकनीक की है और भारत सेमीकंडक्टर उत्पादन, स्वच्छ ऊर्जा जैसे सौर, हाइड्रोजन और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश डिजिटल भुगतान के मामले में भी विश्व में अग्रणी है।

प्रधानमंत्री ने आर्थिक सुधारों के लिए ‘रिफॉर्म टास्क फोर्स’ बनाने की घोषणा की, जिसका उद्देश्य लालफीताशाही को कम करना और 2047 तक 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। साथ ही युवाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये की नई योजना शुरू की जाएगी, जिसमें तीन करोड़ युवाओं को प्रति माह 15,000 रुपये सहायता मिलेगी।

उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल के तहत स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का जोरदार आग्रह किया और कहा कि यह गर्व की बात होनी चाहिए, मजबूरी नहीं। इसके लिए दुकानों पर ‘स्वदेशी’ बोर्ड लगाने का सुझाव भी दिया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर संगठन और उसके स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने पिछले वर्षों में हुए आर्थिक सुधारों का भी उल्लेख किया, जिनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

साथ ही, प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा और विकास के लिए किए गए प्रयासों की तारीफ की, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कमी, खेलों के लिए नई राष्ट्रीय नीति, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समावेशन पर भी जोर दिया। उन्होंने किसानों, मछुआरों और पशुपालकों के हितों की रक्षा का संकल्प दोहराया।

प्रधानमंत्री ने अंत में स्वतंत्रता दिवस को “140 करोड़ संकल्पों का पर्व” बताया और सभी देशवासियों से एकजुट होकर भारत को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की अपील की।