प्रधानमंत्री 5 अक्टूबर को राजस्थान और मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 5 अक्टूबर, 2023 को राजस्थान और मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे। सुबह लगभग 11 बजकर 15 मिनट पर प्रधानमंत्री राजस्थान के जोधपुर में सड़क, रेल, विमानन, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्रों की लगभग 5000 करोड़ रुपये लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लगभग तीन बजकर 30 मिनट पर प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचेंगे, जहां वह सड़क, रेल, गैस पाइपलाइन, आवास और स्वच्छ पेयजल जैसे क्षेत्रों में 12,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री राजस्थान में
प्रधानमंत्री राजस्थान में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, जोधपुर में 350 बिस्तरों वाला 'ट्रॉमा सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक' और पूरे राजस्थान में प्रधानमंत्री-आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के तहत सात क्रिटिकल केयर ब्लॉक विकसित किए जाएंगे। एम्स जोधपुर में 'ट्रॉमा, इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर' के लिए एकीकृत केंद्र 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया जाएगा। इसमें ट्राइएज, डायग्नोस्टिक्स, डे केयर, वार्ड, निजी कमरे, मॉड्यूलर ऑपरेटिंग थिएटर, गहन चिकित्सा कक्ष और डायलिसिस कक्ष जैसी विभिन्न सुविधाएं शामिल होंगी। यह रोगियों को बहु-विषयक और व्यापक देखभाल प्रदान करके ट्रॉमा और आपातकालीन मामलों के प्रबंधन में एक समग्र दृष्टिकोण लाएगा। समूचे राजस्थान में विकसित किए जाने वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स से राज्य के लोगों को जिला स्तर पर क्रिटिकल केयर अवसंरचना का लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री जोधपुर हवाई अड्डे पर अत्याधुनिक नई टर्मिनल बिल्डिंग की आधारशिला भी रखेंगे। कुल 480 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई टर्मिनल बिल्डिंग लगभग 24,000 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जाएगी और व्यस्त समय के दौरान 2,500 यात्रियों को सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह सुसज्जित होगी। यहां साल भर में 35 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान की जा सकेगी, जिससे कनेक्टिविटी में सुधार होगा और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री आईआईटी जोधपुर परिसर भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह अत्याधुनिक परिसर 1135 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है, जो आधुनिक अनुसंधान और नवाचार पहलों से युक्त उच्च गुणवत्ता वाली समग्र शिक्षा प्रदान करने और बुनियादी ढांचे के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए नवविकसित 'केंद्रीय उपकरण प्रयोगशाला', स्टाफ क्वार्टर और 'योग और खेल विज्ञान भवन' राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में केंद्रीय पुस्तकालय, 600 छात्रों की क्षमता वाले छात्रावास और छात्रों के लिए भोजन कक्ष की सुविधा की भी आधारशिला रखेंगे।

















