जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जनहित में समन्वय एवं सामंजस्य के साथ काम करें - गृह, लोक निर्माण एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू
कोरिया - प्रदेश के गृह और लोक निर्माण मंत्री तथा कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने 4 जुलाई को जिला प्रवास पर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं डीएमएफ की बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से जनता के हित में आपसी समन्वय एवं सामंजस्य के साथ काम करने की बात कही जिससे शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ अंतिम छोर तक के व्यक्ति को मिल सके। उन्होंने विभागों को अपनी कार्य संस्कृति में बदलाव लाने की बात कही। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संपन्न इस बैठक में प्रभारी मंत्री श्री साहू ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने जिले की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की।
प्रभारी मंत्री श्री साहू ने जिला खनिज न्यास संस्थान की बैठक में कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जायेगी। इसके साथ ही शासन की महत्वांकाक्षी योजनाओं से संबंधित कार्यों को डीएमएफ में शामिल करें जिससे अधिक से अधिक जनता योजनाओं से लाभांवित हो सके।
श्री साहू ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को शासन की मंशा से अवगत कराते हुए जिले के विकास हेतु काम करने की बात कही। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विभागीय कार्यों के अंतर्गत मुआवजा प्रकरणों में लोगों को जल्द सहायता मिलने के संबंध में चर्चा की जिसपर प्रभारी मंत्री ने मुआवजा प्रकरणों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने एक-एक करके विभागों के कार्यों की समीक्षा की। राजस्व विभाग के समस्त अधिकारियों को सीमांकन, बंटवारा, ऋण पुस्तिका वितरण, बंदोबस्त सुधार एवं अभिलेखों की नकल उपलब्ध कराने एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए। जिला पंचायत के कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की अधिकतर योजनाओं का क्रियान्वयन पंचायत से संबंधित है। पंचायत स्तर के अधिकारी सचिवों के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करें। योजनाओं के क्रियान्वयन एवं संचालन में ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का विचार समाहित होना चाहिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में कोविड-19 की तीसरी लहर से बचाव की तैयारियां करने एवं गाइडलाईन के अनुरूप ऑक्सीजन बेड, आईसीयू और वेंटीलेटर तैयार रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में एम्बुलेंस होनी ही चाहिए जिससे आम जन को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में कोई बाधा ना हो। महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के संचालन में कोताही ना बरतें। कुपोषण दूर कर प्रदेश को स्वस्थ एवं सुदृढ़ भविष्य देने में मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान मील का पत्थर साबित हो रहा है। रेडी-टू-ईट एवं भोजन सामग्री में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी आंगन बाड़ी भवन विहीन ना हो, इसके लिए एसडीएम और तहसीलदार अपने अनुभागों का भ्रमण कर निरीक्षण कर लें। जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उन्होंने कहा कि विकासखण्ड स्तर पर बन रहे अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में जनप्रतिनिधि भी निरीक्षण करें एवं निर्माण एवं सुविधाओ के संबंध में अपने सुझाव अवश्य साझा करें। कृषि विभाग किसानों को सहयोग कर शासन की महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना और राजीव गांधी किसान न्याय आदि योजनाओं के प्रति किसानों को जागरूक करें। इसके साथ ही उन्होंने कृषि उपकरण वितरण तथा खाद-बीज उपलब्धता पर भी चर्चा की। जिले में विद्युत की समस्या संज्ञान में आने पर श्री साहू ने कहा कि विद्युत विभाग के कार्यापालन अभियंता सभी विद्युत लाइन का निरीक्षण करें और आवश्यकता अनुरूप सुधार करें। आदिवासी विकास विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण समिति के सभी प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण करें।
उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिये कि समस्त विभागों के अंतर्गत संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर एक बुकलेट तैयार करवा लें और पंचायतों तथा नगरीय निकायों में वितरण करवाएं जिससे अधिक से अधिक शासकीय योजानाओं का जानकारी लोगों तक पहुंचे और वे योजानाओं का लाभ उठा सकें। इसी तरह उन्होंने खाद्य, खनिज, आबकारी, समाज कल्याण, श्रम, कौशल विकास, जिला व्यापार एवं उद्योग, जल संसाधन, क्रेडा, मतस्य, उद्यानिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खादी ग्रामोद्योग एवं परिवहन विभाग तथा नगरीय निकायों के अधिकारियों को जनसामान्य को हित में कार्य करते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने एवं शासकीय कार्यक्रमों एवं योजनाओं से लोगों को जोड़कर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिये। बैठक में लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री गुलाब कमरो, संसदीय सचिव श्रीमती अंबिका सिंहदेव, मनेन्द्रगढ क्षेत्र के विधायक डॉ. विनय जायसवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री श्याम धावड़े, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री आओ और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

















