रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 23 वाहन चालक गिरफ्तार, लाइसेंस निलंबित

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 23 वाहन चालक गिरफ्तार, लाइसेंस निलंबित

19-Aug-2025    11:39:08 am    87    Anita nishad

 रायपुर। राजधानी में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने देर रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच करते हुए दो दिनों में 23 चालकों को गिरफ्तार किया गया और मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

प्रत्येक चालक पर ₹10,000 का जुर्माना, लाइसेंस 3 माह के लिए निलंबित

सभी चालकों को अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां ₹10,000 का अर्थदंड लगाया गया है। साथ ही, उनके ड्राइविंग लाइसेंस को तीन माह के लिए निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

2025 में अब तक 1034 पर कार्रवाई, जुर्माना ₹1.22 करोड़ के पार

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक 1034 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है:

  • 474 दोपहिया

  • 364 चार पहिया

  • 161 हैवी व्हीकल

  • 35 ऑटो रिक्शा चालक

इन सभी मामलों में अब तक कुल ₹1 करोड़ 22 लाख 45 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया जा चुका है।

त्योहारों और छुट्टियों में बढ़ती घटनाएं, इसलिए सख्ती

अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला, डीएसपी सतीष ठाकुर और गुरजीत सिंह ने किया। पुलिस का कहना है कि त्योहारों और छुट्टियों में ड्रंक एंड ड्राइव की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जो आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती हैं।

पकड़े गए चालक: रायपुर से लेकर उड़ीसा तक

गिरफ्तार किए गए 23 चालकों में रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हैं:

  • मनोज कुमार (अवंतिविहार)

  • मोह. आर्यन (अमलीडीह)

  • पवन कुकरेजा (मोवा)

  • चेतन तोड़ी (देवपुरी)

  • एजाज खान (नेहरू नगर)
    ...सहित संबलपुर, झारसुगुड़ा, रायगढ़ और जगदलपुर के वाहन चालक भी पकड़े गए हैं।

पुलिस की चेतावनी: अब हर रात चलेगा अभियान

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यह अभियान प्रतिदिन चलेगा और नशे में गाड़ी चलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। रायपुरवासियों से अपील की गई है कि नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, बल्कि टैक्सी या अन्य सुरक्षित साधनों का उपयोग करें।