Raipur Breaking: अवैध संबंध के चलते मजदूर की हत्या, चंद घंटों में महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Raipur Breaking: अवैध संबंध के चलते मजदूर की हत्या, चंद घंटों में महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

25-Aug-2025    8:25:34 pm    107    Anita nishad

 रायपुर : राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा लिया है। अवैध संबंध के चलते एक प्रवासी मजदूर की बेरहमी से हत्या कर शव को बोरी में भरकर फेंक दिया गया था। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का पूरा घटनाक्रम सार्वजनिक किया है।

शव मिलने से मचा हड़कंप

25 अगस्त 2025 को खमतराई थाना अंतर्गत मिलाल बाड़ा के पीछे एक खाली प्लॉट में बोरी में युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। शव का चेहरा कपड़े से ढंका था और हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। एफएसएल टीम की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की धारदार हथियार से कई वार कर हत्या की गई थी। खमतराई पुलिस ने इस मामले में धारा 103, 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी जांच और मृतक की पहचान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और क्षेत्रीय पूछताछ के आधार पर मृतक की पहचान रामा माडे (23 वर्ष), निवासी मलकानगिरी (उड़ीसा) के रूप में हुई। वह रायपुर के मेटल पार्क, रावाभांठा स्थित आरआर इंडस्ट्रीज में मजदूरी करता था।

अवैध संबंध बना हत्या की वजह

जांच के दौरान पता चला कि रामा माडे का उसी फैक्ट्री में कार्यरत सोनम बंजारे नामक विवाहित महिला से अवैध संबंध था। पूछताछ में सोनम ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन वह और रामा उसके घर में आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी उसका पति कृष्णा बंजारे अचानक पहुंच गया। गुस्से में आकर कृष्णा ने लकड़ी के डंडे से रामा के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को छिपाने की साजिश

हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए सोनम और कृष्णा ने अपने रिश्तेदार रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम को बुलाया। तीनों ने मिलकर शव के हाथ-पैर बांध दिए, चेहरा ढका और शव को बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से ले जाकर एक सुनसान जगह पर फेंक दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:

  • कृष्णा बंजारे (44 वर्ष) – निवासी आजाद नगर, महादेव चौक, रावाभांठा

  • रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम (40 वर्ष) – निवासी तिरंगा चौक, रावाभांठा

  • सोनम बंजारे (30 वर्ष) – आरोपी की पत्नी, निवासी आजाद नगर

पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त डंडामृतक का मोबाइल फोन और शव ढोने में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 04 DV 9405) भी जब्त कर ली है।