रायपुर पुलिस ने कबीर नगर क्षेत्र में 100 सदस्यीय टीम के साथ छापेमारी, 1 आरोपी गिरफ्तार, 20 से अधिक के खिलाफ कार्यवाही

रायपुर पुलिस ने कबीर नगर क्षेत्र में 100 सदस्यीय टीम के साथ छापेमारी, 1 आरोपी गिरफ्तार, 20 से अधिक के खिलाफ कार्यवाही

24-Aug-2025    2:17:48 pm    10    Anita nishad

 

रायपुर: तड़के सुबह 5 बजे रायपुर पुलिस ने कबीर नगर क्षेत्र में एक बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्यवाही में लगभग 100 सदस्यीय पुलिस टीम ने अपराधों की रोकथाम, नशे के कारोबार पर नकेल कसने और सुरक्षा-शांति बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक कार्रवाई की।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.आर. पोर्ते के नेतृत्व में नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक ईशु अग्रवाल, थाना प्रभारी कबीर नगर समेत आजाद चौक, आमानाका, सरस्वती नगर थानों, एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा रक्षित केंद्र की टीम ने कबीर नगर क्षेत्र के हीरापुर, वीरसावरकर नगर, आर.डी.ए कालोनी सहित आसपास के इलाकों में छापेमारी की।

कार्यवाही के दौरान चिट्टा हेरोईन की बिक्री, खरीद और सप्लाई में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही कालोनियों में रहने वाले व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन कर बाहर से आए लोगों से पूछताछ की गई। 20 से अधिक संदिग्ध और अपराधिक प्रवृत्ति के आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने जनता को नशे से दूर रहने और नशे के कारोबार के खिलाफ जागरूक रहने का आह्वान भी किया।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी नीचे दिए गए मोबाइल नंबरों पर दें:
???? 9479216156, 9479211933, 1933
सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।