राजधानी में रवि-आसिफ का सट्टा गैंग फिर सक्रिय

राजधानी में रवि-आसिफ का सट्टा गैंग फिर सक्रिय

15-Nov-2021    1:50:32 pm    79    Ibtesam Deshmukh

 रायपुर : मुख्यमंत्री की फटकार के बाद पुलिस राजधानी सहित प्रदेश में नशा और हुक्का परोसने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। लेकिन सट्टा और जुआ जैसे अवैध कारोबारों पर पुलिस की पकड़ फिर ढीली हो गई है। नतीजा सट्टेबाज, बुकी और खाईवाल राजधानी और प्रदेश के दूसरे बड़े शहरों में फिर सक्रिय हो गए हैं। क्रिकेट में सट्टा का बड़ा दांव चल रहा है। पहले आईपीएल और अब टी-20 वल्र्ड कप में सटोरियों ने एप और वेबसाइट के माध्यम से जमकर दांव खेला। पुलिस मुखबीर की मदद से एक दो कार्रवाई ही कर पाई, ज्यादातर बुकी और सटोरिए पुलिस से बचकर जगह-जगह बदल-बदल कर सट्टा खिलाते रहे।

राजधानी पुलिस ने पिछले महीने कुछ सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई की थी लेकिन वे सभी एक-दो दिन में ही जमानत पर बाहर आ गए और फिर से धंधे में लग गए। रवि साहू का सट्टा गैंग राजधानी के हर कोने में एक्टिव है। अनिल आलू के गुर्गे उसके निर्देश पर अपना कारोबार संचालित कर रहे हैं। पुलिस आज तक उसे पकड़ नहीं पाई है। इसी तरह आसिफ और मुनाफ का गांजा गैंग भी सक्रिय है। पुलिस अगर कार्रवाई करती भी है तो इनके गुर्गे ही धरे जाते हैं और ये बड़े गैंगबाज पकड़ से बाहर होते हैं। पुलिस इन पर हाथ नहीं डालती है। इसका नतीजा कार्रवाई के बाद भी सट्टा, जुआ और गांजे के अवैध धंधे रुक नहीं रहे हैं

वहीं पुलिस की पकड़ से बचने सटोरिए और बुकी अब सट्टा खिलाने का तरीका रोज बदल रहे हैं। सट्टा खिलाने के लिए अब होटल या बड़े घरों को छोड़कर चलती कार में एप के माध्यम से सट्टा खिला रहे हैं। पुलिस ने पिछले दिनों ऐसे कई सटोरियों को गिरफ्तार किया था जो लक्जरी कार में घुम-घुमकर सट्टा खिला रहे थे। राजधानी से बाहर भी दुर्ग और महासमुंद पुलिस ने भी चलती कार में सट्टा खिलाते सटोरियों को पकड़ा था। जगह बदल-बदल कर सट्टा खिलाने से सटोरिए प्राय: पुलिस से बचे रहते हैं। इंटरनेट नेटवर्क के चक्कर में ही एक जगह पर ज्यादा देर तक खड़े रहने पर ही संदेह के आधार पर पुलिस कभी-कभार ऐसे सटोरियों तक पहुंच पाती है।