प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्तीय समावेशन में उल्लेखनीय प्रगति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर के इंद्रावती भवन परिसर में पंजाब नेशनल बैंक की नई शाखा, एटीएम और डिपॉजिट मशीन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभागाध्यक्ष कार्यालय के कर्मचारियों, नवा रायपुर के आसपास के निवासियों तथा बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों को शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पहले योजनाओं की राशि नगद वितरित की जाती थी, जिससे लीकेज की समस्या होती थी, लेकिन अब बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हितग्राहियों तक राशि सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुँच रही है।
उन्होंने विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापना के साथ-साथ बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार को भी सराहा। सरगुजा और बस्तर के दूरदराज के गांवों में बैंक शाखाओं की स्थापना से सरकार का “अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधा पहुँचाने” का संकल्प साकार हो रहा है।
वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में गुड गवर्नेंस की दिशा में निरंतर कार्य हो रहे हैं। प्रदेश के बैंकिंग सेक्टर और अर्थव्यवस्था के लिए अपार संभावनाएँ मौजूद हैं। उन्होंने बैंकों से भी इस दिशा में सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक अशोक चंद्र सहित अन्य अधिकारीगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।










-Banner.jpg)







