एसईसीएल दीपका क्षेत्र में सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह एवं स्वच्छता पखवाड़ा समापन समारोह का आयोजन
एसईसीएल दीपका क्षेत्र में आज सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह एवं स्वच्छता पखवाड़ा (16 जून से 30 जून 2026) के समापन समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार, महाप्रबंधक (संचालन) श्री राजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक (खनन) श्री नागेंद्र कुमार साहू, महाप्रबंधक (ई एंड एम), महाप्रबंधक (एक्सकेवेशन), विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, जेसीसी सदस्यगण, दीपका क्षेत्र कल्याण मंडल के सदस्य, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधिगण, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं उनके परिजन, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ तथा स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में दीपका क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके दीर्घकालीन समर्पित एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह, कर्मचारी सेवा प्रमाण-पत्र एवं सीपीआरएमएस (CPRMS) मेडिकल कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवा-काल के अनुभव साझा किए तथा क्षेत्रीय महाप्रबंधक महोदय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएँ दीं।

द्वितीय चरण में स्वच्छता पखवाड़ा समापन समारोह आयोजित किया गया। कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 16 जून से 30 जून 2026 तक दीपका क्षेत्र द्वारा कार्यस्थलों, आसपास के ग्रामों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य शिविर, डस्टबिन एवं कपड़े के थैलों का वितरण, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध लेखन, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
यह आयोजन कर्मचारियों के प्रति सम्मान, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति एसईसीएल दीपका क्षेत्र की प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण रहा।









-Banner.jpg)








