जिले में किया जायेग 18 जून से 10 जुलाई तक शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन
एमसीबी / कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार नवीन शिक्षा सत्र के पूर्व की तैयारी हेतु जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा द्वारा समस्त बी.ई.ओ., प्राचार्यों एवं समस्त संकुल समन्वयकों की विकाखण्डवार बैठक ली गई। नवीन शिक्षा सत्र में शासन के निर्देशानुसार 18 जून 2024 से 10 जुलाई 2024 तक प्रत्येक शाला में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाना है एवं प्रवेशित छात्रों का चंदन-रोली लगाकर, मिठाई खिलाकर सम्मान करना है एवं आयोजन में पालकों, जन-प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाना है। प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में न्योता भोज का भी आयोजन किया जाना है।

छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के द्वारा नवीन शिक्षा सत्र हेतु जारी समस्त निर्देशों का बी.ई.ओ., ए.बी.ई.ओ., बी.आर.सी. एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि आर.टी.ई. के तहत् नवीन चयनित बच्चों का प्रवेश शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने तथा पूर्व छात्रों का एवं शाला छोड़ चुके ड्रॉप आउट छात्रों की उपस्थिति एवं निरंतरता बनाये रखने हेतु नोडल प्राचायों को निर्देशित किया गया। साथ ही शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पूर्व निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, परिसर की स्वच्छता, गणवेश की उपलब्धता, जल की उपलब्धता एवं शाला त्यागी बच्चों का शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं समस्त छात्रों का स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने हेतु छात्रों, पालकों एवं जन-प्रतिनिधियों से समुचित व्यवहार करने हेतु निर्देशित किया गया है। इको क्लब के माध्यम से परिसर में वृक्षारोपण तथा उपलब्ध साधन के अनुसार किचन गार्डन का निर्माण करना सुनिश्चित करने निर्देश दिया गया। शालाओं में कार्यरत शिक्षकों की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल में अनिवार्य रूप से प्रविष्ट करने का निर्देश देते हुये बैठक समाप्त की गई। बैठक में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी मनेन्द्रगढ़ श्री सुरेन्द्र जायसवाल, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी मनेन्द्रगढ़ श्री बीरेन्द्र पाण्डेय, बी.आर.सी. श्री सुन्दरराम कैवर्त, आर.टी.ई. नोडल श्री टी. विजय गोपाल राव, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी खड़गवां श्री बलविंदर सिंह, बी.आर.सी. श्री ओम पैकरा एवं समस्त नोडल प्राचार्य उपस्थिति थे।

















