छत्तीसगढ़ के गु़ंजेपर्ती में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के हथियार और विस्फोटक बनाने का ठिकाना किया ध्वस्त

छत्तीसगढ़ के गु़ंजेपर्ती में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के हथियार और विस्फोटक बनाने का ठिकाना किया ध्वस्त

07-Sep-2025    9:17:39 pm    61    Anita nishad

 बीजापुर:छत्तीसगढ़ के बीजापुर के थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत गुंजेपर्ती के जंगलों में सुरक्षाबलों ने रविवार काे संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक तैयार करने के उपकरण और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री को बरामद किया।
 
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि बरामद सामग्री में लेथ मशीन, इलेक्ट्रिक जनरेटर, वाटर पम्प, इलेक्ट्रिक कटर, भारी उपकरणः हाइड्रोलिक सिलेंडर, जेक्स, स्पूलर, मोटर पार्ट्स, औद्योगिक उपयोग की वस्तुएं, वायर, टूल बॉक्स, ड्रिल बिट्स, कंटेनर, स्टील प्लेट्स, विस्फोटक निर्माण सामग्री शामिल है। इसके
 
अलावा दवाइयां भी मिली हैं। बरामद सभी सामग्री को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया।
 
एसपी ने कहा कि अगर यह उपकरण नक्सलियों के हाथों में रहते तो वे किसी बड़े हमले को अंजाम दे सकते थे। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों के नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नक्सली लगातार औद्योगिक उपकरण और मशीनों का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर विस्फोटक तैयार करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सुरक्षाबलों की सजगता से उनकी योजना विफल हो गई।
 
यह ऑपरेशन कोबरा 205, केरिपु 196 यंग प्लाटून बस्तरिया और केरिपु 229 की संयुक्त टीम की ओर से संचालित किया गया।