इतनी हिम्मत! गांजा तस्करी करते पकड़े गए, भारतीय सेना का फर्जी पहचान पत्र दिखाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

इतनी हिम्मत! गांजा तस्करी करते पकड़े गए, भारतीय सेना का फर्जी पहचान पत्र दिखाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

25-Aug-2025    4:26:36 pm    108    Anita nishad

 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के उसलापुर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को सिविल लाइन थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी भारी मात्रा में 21 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ पकड़े गए।

पुलिस के अनुसार, उन्हें उसलापुर रेलवे स्टेशन के पास दो संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, दोनों युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया।

फर्जी आर्मी ID दिखाकर बचने की कोशिश

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान 25 वर्षीय रूपेश सिंह (निवासी ग्राम कोटवा हनुमानगंज, प्रयागराज) ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताते हुए एक पहचान पत्र दिखाया। लेकिन पुलिस ने उसके हावभाव और पहचान पत्र की गंभीरता से जांच की तो पता चला कि वह फर्जी है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इस फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर ट्रेन की टिकट बुक की थी। इस आधार पर पुलिस ने आरोपी पर NDPS अधिनियम के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कूटरचना और धोखाधड़ी की धाराएं भी जोड़ी हैं।

तस्करों से गांजा और मोबाइल जब्त

दूसरा आरोपी 38 वर्षीय विनोद कुमार सिंह (निवासी वार्ड क्रमांक 38, बुड़ियादेवी मंदिर, थाना कोतवाली, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश) है। दोनों आरोपियों के पास से कुल 21 किलो 100 ग्राम गांजा और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पूरे सिंडिकेट की जांच शुरू

एसीसीयू और थाना सिविल लाइन की टीम दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि यह कोई सुनियोजित तस्करी नेटवर्क हो सकता है, जिसकी एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन की जा रही है।

टीम इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुट गई है और जल्द ही सिंडिकेट के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।