स्कूल का चोरी हुआ सबमर्सिबल पंप बरामद, सोनहत पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
सोनहत (कोरिया)। जिला कोरिया पुलिस ने पंप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी गया सबमर्सिबल पंप, तार एवं पाइप भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी दिनेश कुमार पिता बालम राम, निवासी ग्राम दुधनिया, ग्राम पंचायत दामुज, थाना सोनहत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत द्वारा माध्यमिक शाला दुधनिया में स्थापित सबमर्सिबल पंप को अज्ञात चोर तार और पाइप सहित चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर थाना सोनहत में अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश राजवाड़े और मुकेश चेरवा, दोनों निवासी ग्राम लब्जी, ने स्कूल परिसर से सबमर्सिबल पंप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए पंप को ग्राम लब्जी निवासी अशोक लाल चेरवा को बेच दिया था तथा प्राप्त राशि को आपस में बांटकर खर्च कर दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खरीदार अशोक लाल चेरवा के कब्जे से चोरी गया सबमर्सिबल पंप बरामद कर लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, आरक्षक निखिलेश राजवाड़े एवं आरक्षक प्रदीप साहू का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।









-Banner.jpg)








