सूटकेस में मिले युवती के शव का खुलासा बॉयफ्रेंड निकला कातिल
हापुड़ जिले के पिलखुवा थाना क्षेत्र में एक नहर (रजवाहे) से सूटकेस में मिली युवती की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतका की पहचान दिल्ली के मयूर विहार निवासी नीलेश के रूप में हुई है, जिसकी गुमशुदगी पहले से ही दर्ज थी। जांच में पता चला कि नीलेश की हत्या उसके ही बॉयफ्रेंड ने की थी। वजह यह थी कि नीलेश ने उससे अपने उधार दिए लाखों रुपये वापस मांगे थे। इसी बात पर गुस्से में आकर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को सूटकेस में बंद कर सिखेड़ा गांव के पास नहर में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि नीलेश की शादी इसी साल नवंबर में तय थी। आरोपी युवक एक होमगार्ड का बेटा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

















