टोल प्लाज़ा पर थमा कंटेनर… और फिर खुला 388 किलो गांजे का काला खेल, पुलिस ने 1.53 करोड़ का माल दबोचा

टोल प्लाज़ा पर थमा कंटेनर… और फिर खुला 388 किलो गांजे का काला खेल, पुलिस ने 1.53 करोड़ का माल दबोचा

08-Sep-2025    3:22:29 pm    13    Anita nishad

 भिलाई। दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 388 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। कंटेनर वाहन और अन्य सामान मिलाकर जब्त माल की कुल कीमत 1 करोड़ 53 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में तीन अंतर्राज्यीय तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।

दरअसल, 7 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर वाहन क्रमांक NL01-AH-9524 रायपुर से दुर्ग की ओर अवैध गांजा लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टोल प्लाज़ा कुम्हारी पर नाकेबंदी कर कंटेनर को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम उमेश यादव (46), निवासी मधुबनी, बिहार बताया। उसने कबूल किया कि कोलकाता से गुजरात ले जाते समय उड़ीसा के देवघर में उसके परिचित राहुल ने उसे 13 बोरी गांजा नागपुर छोड़ने के लिए दिए थे।

कार्यपालिका मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कंटेनर की तलाशी ली गई, तो पीछे के हिस्से में 13 प्लास्टिक बोरी बरामद हुईं। इनमें से 388 पैकेट गांजा मिला, जिनका कुल वजन 3 क्विंटल 88 किलो था। साथ ही कंटेनर से 95 हजार रुपये नगद भी जब्त हुए।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम नागपुर पहुंची और वहां से दो अन्य आरोपी मुस्ताक अहमद (34) व फयाज अंसारी (24), निवासी नागपुर को गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (B) iiC, 25, 27 (a) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर तस्करी में फंसा देता था। आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे और अब सबूतों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच में नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जाएगी।

भिलाई एसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में मादक पदार्थों का धंधा करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।