सड़क बनी ही नही, ठेकेदार और अधिकारियों ने कर लिया पैसों का बंदरबाट- शर्मा। लोक निर्माण विभाग अंर्तगत सुगम सड़क योजना का मामला

सड़क बनी ही नही, ठेकेदार और अधिकारियों ने कर लिया पैसों का बंदरबाट- शर्मा। लोक निर्माण विभाग अंर्तगत सुगम सड़क योजना का मामला

11-Jun-2023    7:40:00 pm    35    सावन कुमार- संपादक

मनेंद्रगढ़/ खड़गवां। लोक निर्माण विभाग अंतर्गत सुगम सड़क योजना में भ्रष्टाचार का एक विकराल रूप सामने आया है। युवा कांग्रेस मनेंद्रगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कलेक्टर को शिकायत करते हुए बताया है की ग्राम पंचायत मंगोरा अंतर्गत बिना सड़क निर्माण किये ठेकेदार द्वारा इंजीनियर और अन्य अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर सड़क के राशि का गबन कर लिया गया है। 

         मनोज शर्मा ने शिकायत पत्र में उल्लेख किया है की सुगम सड़क योजना अन्तर्गत खड़गवां ब्लॉक के ग्राम मंगोरा पंचायत में ठेकेदार मैसर्स ज्योति केसरवानी को बबलू के घर से प्राइमरी स्कूल मंगोरा तक
18.82 लाख की लागत से अप्रोच रोड बनाने का टेंडर मिला था जिसका टेंडर आईडी CG0R18 900 है। इसके साथ ही एक अन्य ठेकेदार नमन फ्लाई ऐश ब्रिक्स इंडस्ट्रीज को प्राइमरी स्कूल मंगोरा ब्लॉक खंडगवा में 17.61 लाख  की लागत से अप्रोच रोड बनाने का टेंडर मिला था जिसका टेंडर आईडी CGeR19048 है। 
          उपरोक्त दोनों ही ठेकेदारों को सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत संपूर्ण राशि का भुगतान किया जा चुका है परंतु वास्तव में मंगोरा ग्राम पंचायत अंतर्गत एक ही सड़क बनाई गई है और दूसरे सड़क की राशि बिना सड़क बनाये ही आहरण कर ली गई है।
         युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष ने मांग किया है की बिना सड़क निर्माण कर राशि आहरण करने वाले ठेकेदार के ऊपर एफआईआर दर्ज कराते हुए उसकी कंपनी को ब्लैक लिस्ट कराकर ठोस कार्यवाही कराया जाये साथ ही इस तरीके के भ्रष्टाचार में शामिल विभाग के इंजीनियर, एसडीओ सहित सभी अधिकारियों पर भी विभागीय कार्यवाही की जाये। शर्मा का कहना है कि इस तरह के कृत्य से कांग्रेस सरकार की छवि धूमिल हो रही है जिससे आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को नुकसान होने की संभावना है। यदि 7 दिनों के अंदर कार्यवाही नहीं की जाती है तो उसी सड़क निर्माण के स्थान पर ग्राम वासियों के साथ धरना प्रदर्शन किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।