चरचा में सूने मकान से हुई लाखों की चोरी का खुलासा, पड़ोसी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
कोरिया। थाना चरचा क्षेत्र के व्हीटीसी कॉलोनी में सूने मकान से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी तन्मय भंडारी, निवासी व्हीटीसी कॉलोनी चरचा, परिवार सहित अपने गृह ग्राम दुर्गापुर, आसनसोल पश्चिम बंगाल गए हुए थे। इसी दौरान 22 और 23 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया।
23 अगस्त को पड़ोसी से चोरी की सूचना मिलने पर तन्मय भंडारी वापस घर पहुंचे। घर का दरवाजा खुला मिला और अंदर रखी अलमारी व लॉकर टूटे हुए थे। जांच करने पर सोने का हार, कंगन, कान की बालियां, अंगूठियां, मांग टीका, बच्चे का लॉकेट सहित चांदी के कड़े, पायल और कमरबंध समेत करीब 2 लाख 99 हजार रुपये के जेवरात चोरी होना पाया गया।
मामले की रिपोर्ट 28 अगस्त को थाना चरचा में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 126/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पड़ोसी ही निकला चोरी का आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चरचा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रार्थी के पड़ोसी हर्षवर्धन शर्मा और एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों ने 22 अगस्त की रात तन्मय भंडारी के घर में चोरी करना स्वीकार किया। अपचारी बालक की निशानदेही पर चोरी का सामान बेचकर मिले 5 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
वहीं आरोपी हर्षवर्धन शर्मा के कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।
चोरी के जेवर बेचने का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बिक्री के लिए अक्षय बसोर, निवासी ग्राम सलका को दिए गए थे। अक्षय बसोर ने इन आभूषणों को पटना निवासी सत्येन्द्र सोनी को बेच दिया था।
बताया गया कि सत्येन्द्र सोनी ने जेवरात के बदले आरोपियों को 1 लाख 33 हजार रुपये दिए थे। रकम का एक हिस्सा अपचारी बालक को दिया गया, जबकि शेष राशि आरोपियों ने आपस में रख ली और कुछ पैसे खर्च कर दिए।
पुलिस ने सत्येन्द्र सोनी के पास से सोने की अंगूठियां, कान की बालियां, लॉकेट तथा गला हुआ सोना और चांदी बरामद की है। बरामद सोने का कुल वजन करीब 29.91 ग्राम और चांदी का वजन करीब 177 ग्राम बताया गया है। बरामद माल की कुल कीमत 4 लाख 92 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- हर्षवर्धन शर्मा, उम्र 18 वर्ष 9 माह, निवासी व्हीटीसी कॉलोनी चरचा।
- अक्षय बसोर, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम सलका, थाना बैकुंठपुर।
- सत्येन्द्र सोनी, उम्र 42 वर्ष, निवासी बाजारपारा पटना, थाना पटना।
- एक अपचारी बालक।
सभी आरोपियों को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
चोरी के मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह गौतम, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक शशि भूषण, राकेश भगत, अमित त्रिपाठी, आरक्षक बृजेश सिंह, प्रभुनारायण सहित साइबर सेल के आरक्षक सजल जायसवाल, अमरेशानंद, अमल कुजूर, सैनिक राजेश टांडे और विकास सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी ने आमजन से की अपील
पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि चोरी और अन्य अपराधों की रोकथाम में आम लोगों से मिलने वाली सूचना बेहद महत्वपूर्ण होती है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि चोरी और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।









-Banner.jpg)








