तीन बेरोजगार हुए ठगी के शिकार,नौकरी का झांसा देकर ठगों ने लूटा तीन लाख साठ हजार

तीन बेरोजगार हुए ठगी के शिकार,नौकरी का झांसा देकर ठगों ने लूटा तीन लाख साठ हजार

05-Jul-2021    10:54:17 pm    74    Sawankumar

 पिछले कुछ वर्षों से नौकरी दिलाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने के मामले ज्यादा देखने को मिल रहे हैं। वर्तमान में कुछ लोगों द्वारा कोरोना संक्रमण के कारण बेरोजगार हुए लोगों को नौकरी देने का प्रलोभन देकर उनसे मनमानी रकम वसूलने का गोरख धंधा चलाया जा रहा है।ऐसा ही एक मामला पामगढ़ थाने में दर्ज कराया गया है जिसमें तीन गरीब,बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की गई है। पूरा मामला यह है कि पामगढ़ क्षेत्र के निवासी परमानंद खरे, संजय बर्मन और दुर्गेश खूंटे के द्वारा कोरबा निवासी कैलाश भट्ट के विरुद्ध नौकरी लगाने के नाम पर पैसे लेकर ठगी करने एवं धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराया गया हैI

 रिपोर्ट दर्ज कराने वाले तीनों पीड़ित युवकों से मिली जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी कैलाश भट्ट द्वारा इन्हें नौकरी दिलाने का झांसा देकर इनसे लगभग तीन लाख साठ हजार रुपयों की ठगी की गई है। साथ ही साथ इन्हें लगातार नौकरी लगाने की बात पर गुमराह करते हुए काफी समय तक उलझाए रखा गया। जब परमानंद खरे दुर्गेश खुटे और संजय बर्मन को उसकी बातों पर शक हुआ तो उनके द्वारा अपना पैसा वापस मांगा गया तब कैलाश भट्ट द्वारा इन्हें रुपये वापस न करने की धमकी भी मिली। उसकी धमकी को सुनकर परेशान तीनों पीड़ितों ने पामगढ़ थाने में कैलाश भट्ट के विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस प्रशासन से उचित न्याय की गुहार लगाई।जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा इस मामले में उचित कार्यवाही करने तथा उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन भी दिया गया और यह समझाईश भी दी गयी कि भविष्य में वे फिर कभी नौकरी के लालच में किसी के द्वारा ठगी का शिकार ना बनें।