कोयला खदान में मिट्टी धंसने से तीन ग्रामीणों की मौत, रातभर चला रेस्क्यू,जानिए कहां का है पूरा मामला
कोरबा। कोरबा जिले के दीपका एसईसीएल माइंस में मिट्टी धंसने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीण माइंस में कोयला चोरी करने गए थे। कोयला निकालने के दौरान ये हादसा हो गया। घटना गुरुवार दोपहर की है।
बताया जा रहा है कि दीपका एसईसीएल माइंस बंद है। इसी में हरदीबाजार थाना क्षेत्र के डिंडोलभाठा के ग्रामीण कोयला चोरी करने गए थे।
खदान में अवैध खनन के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से 5 ग्रामीण मिट्टी में दब गए। मौके पर अमित और लक्ष्मण मरकाम को बाहर निकाल लिया गया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान लक्ष्मण मरकाम की मौत हो गई।
वहीं मिट्टी में तीन अन्य ग्रामीणों के दबे होने की जानकारी मिली। इसके बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश में पुलिस और एसईसीएल प्रबंधन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। शुक्रवार सुबह मलबे में से शत्रुघन कश्यप और प्रदीप कमरो की लाश बरामद किया गया। वहीं इस हादसे में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।










-Banner.jpg)







