आगे की लड़ाई के लिए आज बनाएगी रणनीति, केजरीवाल ने बुलाई बैठक

आगे की लड़ाई के लिए आज बनाएगी रणनीति, केजरीवाल ने बुलाई बैठक

25-Aug-2022    12:55:12 pm    110    Ibtesam Deshmukh

 राजधानी दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. आज 11 बजे आम आदमी पार्टी के विधायकों की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर जरूरी बैठक होगी. इस बैठक से पहले बड़ी खबर सामने आ रही है. सूत्रों के मुताबिक, AAP के कुछ विधायकों से पार्टी का संपर्क नहीं हो पा रहा है.


बीजेपी पर लगाया था आरोप

बता दें कि हाल ही में 4 विधायकों ने बीजेपी पर 20 करोड़ में खरीदने और धमकाने का आरोप लगाया था. ऐसे में आम आदमी पार्टी को आशंका है कि कहीं BJP उनके विधायक ना तोड़ ले. इसलिए कल शाम को आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में तय हुआ कि सभी विधायकों को बुलाया जाए. इस बैठक में आम आदमी पार्टी के कितने विधायक पहुंचते हैं इस बात पर नजर रहेगी.

AAP ने बीजेपी पर लगाया निशाना

गौरतलब है कि बुधवार को आप सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीजेपी पर आरोप लगाया कि AAP विधायक अजय दत्त, संजीव झा, सोमनाथ भारती और कुलदीप कुमार से बीजेपी के नेताओं ने संपर्क किया है, जिनके साथ उनके मैत्रीपूर्ण संबंध हैं. संयज सिंह ने दावा किया, ‘इन चार विधायकों को पेशकश की गई है कि अगर वे बीजेपी में शामिल होते हैं तो उन्हें 20 करोड़ रुपये दिए जाएंगे और अगर वे अपने साथ अन्य विधायकों को लेकर आते हैं तो उन्हें 25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.’

बीजेपी ने किया पलटवार

विधायकों के खरीदने और सरकार गिराने के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा, ‘उन्हें इस तरह के प्रस्ताव शराब माफिया से मिले होंगे. वे उन लोगों के नाम क्यों नहीं बताते जिन्होंने उनसे संपर्क किया?’

दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र होने वाला है शुरू

आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र शुक्रवार को आयोजित होने जा रहा है. ये सत्र दिल्ली सरकार की आबकारी नीति के सिलसिले में केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर जारी राजनीतिक घमासान और बीजेपी पर AAP के विधायकों को लुभाने के आरोपों के बीच होने जा रहा है.