तिरंगा हमारे संघर्षों का जीवंत प्रतीक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

तिरंगा हमारे संघर्षों का जीवंत प्रतीक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

14-Aug-2025    10:25:04 am    60    Anita nishad

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में शामिल होकर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने हजारों युवाओं के साथ दौड़ लगाई और भारत माता एवं अमर शहीद रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "हमारा तिरंगा हमारे पूर्वजों के वर्षों के संघर्षों और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। यह सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाओं, वीरता, शांति और समृद्धि का प्रतीक है। हमें तिरंगे की शान को हमेशा बनाए रखना है और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को कभी नहीं भूलना है।"

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों से स्वतंत्रता दिवस एक जन-आंदोलन बन गया है। तिरंगा यात्राएं और जनभागीदारी ने इस पर्व को पूरे देश से जोड़ दिया है।

मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि कैसे वे स्कूल के दिनों में प्रभात फेरियों में भाग लेते थे और देशभक्ति गीतों के साथ पूरे गांव में राष्ट्रप्रेम का माहौल गूंजता था। उन्होंने कहा, "आज भी वही गर्व और उत्साह हमारे दिलों में जीवित है।"

वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने इसके लिए एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है और उसी दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रदेश के हर नागरिक का साझा दायित्व है।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि आजादी के लिए किए गए संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने सभी से विकसित, स्वच्छ, स्वस्थ और श्रेष्ठ छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय ने अंत में उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और एकजुट होकर प्रदेश को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आह्वान किया।