गोबरा नवापारा में सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, ट्रक से टकराने से हुआ दर्दनाक हादसा

गोबरा नवापारा में सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, ट्रक से टकराने से हुआ दर्दनाक हादसा

24-Aug-2025    2:14:28 pm    11    Anita nishad

 

रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार दोनों दोस्त अपने गांव नवागांव लौट रहे थे, तभी अंधेरे में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। इस भीषण टक्कर में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, नवागांव के निवासी डेमन साहू (40 वर्ष) और जितेंद्र ध्रुव (40 वर्ष) दोनों अच्छे दोस्त थे। वे किसी काम से दूसरे गांव गए थे और रात लगभग 9:15 बजे वापस घर लौट रहे थे। हादसा नवागांव-रायपुर रोड पर नवागांव से करीब 1 किलोमीटर दूर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक लोहे की छड़ें लेकर सड़क किनारे खड़ा था, लेकिन ड्राइवर ने अंधेरे में किसी भी तरह का कोई संकेतक (जैसे रिफ्लेक्टर या सिग्नल) नहीं लगाया था। तेज रफ्तार में आ रही बाइक पर सवार दोनों युवकों को यह ट्रक दिखाई नहीं दिया और वे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गए। टक्कर के कारण दोनों के सिर फट गए और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।