जशपुर में दरिंदगी की दो कहानियां: शादी का झांसा, बंधक बनाकर रेप… दोनों आरोपी अब सलाखों के पीछे
जशपुर। जिले से दुष्कर्म के दो चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। दोनों ही मामलों में आरोपियों ने शादी का झांसा देकर युवतियों का शोषण किया। पीड़िताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों दरिंदों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
◼ पहला मामला – चौकी दोकड़ा क्षेत्र
18 वर्षीय पीड़िता रक्षा बंधन के दिन अपनी बुआ के साथ रिश्तेदार के घर आई थी। रात को सोते समय उसी घर में रहने वाला शिवा चौहान उसके कमरे में घुस गया और जबरन दुष्कर्म करने लगा। आरोपी ने पीड़िता को दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा। किसी तरह मौका पाकर युवती ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और बेटी को छुड़ाया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिवा चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
◼ दूसरा मामला – दुलदुला क्षेत्र
यहां की पीड़िता ने बताया कि साल 2021 में उसकी पहचान राम प्रसाद सिंह से हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म किया। जब युवती गर्भवती हुई और बच्चे को जन्म दिया, तब आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इससे व्यथित होकर पीड़िता ने दुलदुला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने धारा 376 (द) के तहत अपराध दर्ज कर राम प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने पीड़िताओं को न्याय दिलाने की दिशा में कदम उठाया है।

















