पढ़ना लिखना अभियान के अंतर्गत सभी कार्यों को समय पर करने निर्देश जारी

पढ़ना लिखना अभियान के अंतर्गत सभी कार्यों को समय पर करने निर्देश जारी

24-Jul-2021    6:39:04 pm    85    Sawankumar

 कोरिया - जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने कलेक्टर एवं अध्यक्ष (कार्यकारिणी) जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण कोरिया एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं उपाध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण कोरिया के द्वारा आयोजित बैठक में दिये गये गये निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव विकासखण्ड साक्षरता मिशन समिति, बैकुण्ठपुर, मनेन्द्रगढ़, खडगवां, सोनहत को पत्र जारी किया है। उन्होंने पढ़ना लिखना अभियान के पोर्टल में शिक्षार्थियों व स्वयंसेवी शिक्षको की फोटो के अपलोड का कार्य, विकासखण्ड मनेन्द्रगढ़ एवं खडगवां के द्वारा पूर्ण करने, शतप्रतिशत मोहल्ला साक्षरता कक्षा का संचालन, शतप्रतिशत मोहल्ला साक्षरता कक्षा संचालन का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए ग्राम प्रभारी से 26 जुलाई 2021 तक, संकुल प्रभारी से 27 जुलाई 2021 तक, विकासखण्ड स्तर से जिला कार्यालय को प्रेषण  27 जुलाई 2021 करने, मोहल्ला साक्षरता कक्षा में बैठक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था व पठन-पाठन सामग्री, प्रवेशिका, (बुनियादी साक्षरता प्रवेशिका आखर झापी), पेंसिल, रबर, कॉपी, उपस्थिति पंजी, कैलैण्डर, स्वयंसेवी शिक्षक हेतु समय-सारणी, केन्द्र में प्रदर्शित किये जाने हेतु 04 प्रकार के प्रपत्र, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक, नोडल अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा मोहल्ला साक्षरता कक्षा की नियमित मानीटरिंग के निर्देश दिये हैं।
इसी तरह संकुल प्रभारी एवं ग्राम प्रभारी के द्वारा मोहल्ला साक्षरता कक्षा की नियमित मानीटरिंग, स्वयंसेवी शिक्षको के द्वारा किये जा रहे उल्लेखनीय प्रयासो तथा शिक्षार्थियों के द्वारा अर्जित साक्षता कौशल (पढ़ना लिखना व गणतीय कौशल) के आधार पर प्रोत्साहित करने, आँखर झाँपी प्रवेशिका के प्रत्येक चार पाठ का अध्यापन पूर्ण हो जाने के उपरान्त जांच पत्रक के माध्यम से आंतरिक मूल्यांकन कर शिक्षार्थियों के पढना, लिखना एवं गणितीय दक्षता को प्रपत्र (शिक्षार्थी प्रगति पत्रक) में अंकित करने, मानीटरिंग से संबंधित चयनित फोटोग्राफ पढ़ना लिखना अभियान के वाट्सअप ग्रुप में पोस्ट करने, पढ़ना लिखना अभियान से संबंधित गतिविधियों के संबंध में जन प्रतिनिधियों एवं पंचायत पदाधिकारियों को नियमित रूप से अवगत कराने, विकासखण्ड अंतर्गत कलस्टर में लगाये जाने वाले नेत्र शिविर में दृष्टि संबंधित समस्याओं से ग्रसित असाक्षरों को उपस्थित कराकर नेत्र जांच कराने तथा आवश्यकता अनुसार उन्हे चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि पढ़ना लिखना अभियान का संचालन माह अगस्त 2021 तक करना है, इस हेतु निर्धारित समय-सीमा को दृष्टिगत रखते हुये प्रशिक्षित स्वंयसेवी शिक्षक, ग्राम प्रभारी, शिक्षक के माध्यम से नियमित मोहल्ला साक्षरता कक्षा का संचालन कराकर आखर झॉपी प्रवेशिका के 24 पाठ का अध्यापन पूर्ण करायें ताकि अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयीन संस्थान नई दिल्ली के द्वारा पढ़ना लिखना अभियान के शिक्षार्थियों का बाहय मूल्यांकन कराया जा सके। उन्होंने निर्देशों का पालन सुनिश्चित कर साप्ताहिक प्रतिवेदन (प्रत्येक सोमवार को) को भेजने के भी निर्देश दिए हैं।