विधानसभा में साधराम मर्डर केस पर सीबीआई जांच की मांग को लेकर हंगामा, कांग्रेस के सभी विधायक हुए निलंबित

विधानसभा में साधराम मर्डर केस पर सीबीआई जांच की मांग को लेकर हंगामा, कांग्रेस के सभी विधायक हुए निलंबित

22-Feb-2024    3:19:24 pm    80    Ibtesam Deshmukh

रायपुर। कवर्धा में गौ सेवक साधराम यादव हत्याकांड का मामला विधानसभा में गुरुवार को गूंजा। कांग्रेस विधायकों ने मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर हंगामा किया। विपक्ष के सभी विधायक सीबीआई जांच की मांग करते हुए गर्भगृह में पहुंच गए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कांग्रेस विधायकों को निलंबित कर दिया। बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के गर्भगृह में पहुंचने पर निलंबन का नियम है। सदस्य स्वयमेव निलंबित हो जाते हैं।

 


अध्यक्ष द्वारा निलंबन की घोषणा के बाद कांग्रेसी विधायक विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने बैठक गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।

विधानसभा में साधराम यादव हत्याकांड का मामला शून्यकाल के दौरान विपक्षी सदस्यों ने उठाया। विधायकों ने कहा कि बिरनपुर हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जा सकती है तो कवर्धा हत्याकांड की क्यों नहीं कराई जा रही है। विपक्ष के इस मांग के बाद सत्ता पक्ष ने भी जवाब दिया। इसके बाद कांग्रेस के सभी विधायक नारेबाजी करते हुए गर्भगृह में पहुंच गए।

साधराम हत्याकांड में 6 आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा के लालपुर में 20 जनवरी को गौ सेवक साधराम यादव की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ यूएपीए (गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत केस दर्ज किया है। छत्तीसगढ़ में पहली बार यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है।