तखतपुर इलाक़े में दो साल में क्यों नहीं बनी 30 लाख की सड़क, विधानसभा में मिला यह जवाब,पड़े पूरी खबर
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र में प्रश्न काल के दौरान तखतपुर इलाके में सड़क निर्माण का मामला उठा। भाजपा के वरिष्ठ विधायक धर्मजीत सिंह ने सवाल उठाया कि क्या डीएफ फंड की बंदर बांट हुई है.. और 30 लाख की 3 सड़कें 2 साल में क्यों पूरी नहीं बन सकी। जवाब में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सदन में ऐलान किया कि इस मामले की जांच कराएंगे । इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने भी चुटकी लेते हुए कहा पूछा कि 30 लाख में सड़क कैसे बनती है।
तखतपुर के वरिष्ठ भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत यह सवाल पूछा था कि तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की कुल कितनी सड़कें हैं । इन सड़कों में से कौन-कौन सी सड़क दिसंबर 2023 की स्थिति में कच्ची, जर्जर और गड्ढे युक्त हैं। कच्ची सड़कों को कब तक पक्का किया जाएगा और गड्ढे युक्त सड़कों की रिपेयरिंग का काम कब तक पूरा हो जाएगा। उप मुख्यमंत्री और पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा की अनुपस्थिति में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उनकी ओर से जवाब दिया। जिसमें बताया गया कि तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा पिछले 10 साल में कुल 10 सड़कें बनाई गई है। इसके अलावा वर्तमान में तीन सड़कें निर्माणाधीन है। उन्होंने यह भी बताया कि दिसंबर 2023 की स्थिति में निर्मित कोई सड़क कच्ची, जर्जर या गड्ढे युक्त नहीं है।

















