महिला कारोबारी से 50 लाख की ठगी, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

महिला कारोबारी से 50 लाख की ठगी, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

24-Aug-2025    2:19:41 pm    21    Anita nishad

रायगढ़। नाबार्ड योजना के तहत 6 करोड़ के प्रोजेक्ट का झांसा देकर जांजगीर चांपा की महिला कारोबारी अनिता साहू से 50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। दो आरोपियों ने फर्जी टेंडर दिखाकर भरोसा दिलाया कि कंपनी को प्रोजेक्ट दिलवाएंगे।

मुख्य आरोपी रंजीत चौहान को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब उसके साथ संलिप्त दूसरे आरोपी सुदीप मंडल को भी पुलिस ने दबोच लिया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, अनिता साहू महानदी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी चलाती हैं, जो किसानों को खाद, बीज और दवा उपलब्ध कराती है। रंजीत चौहान ने नाबार्ड योजना के तहत कंपनी को 6 करोड़ का प्रोजेक्ट दिलाने का झांसा दिया और 50 लाख रुपए असीम कृपा फाउंडेशन के खाते में जमा करने को कहा।

फर्जी चेक और झूठे वादों में फंसकर अनिता ने किस्तों में 50 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि चेक बाउंस हो चुका है और खाता बंद है। जब अनिता ने शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस ने मई में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया था और अब उसके साथी को भी हिरासत में लिया गया है।